2 CRPF jawans injured after being crushed under a wall | दीवार के नीचे दबने से 2 CRPF जवान घायल: जमुई में पुलिस कैंप में पानी टंकी गिरने से हादसा, दोनों निजी अस्पताल में भर्ती – Jamui News
जमुई के बरहट प्रखंड स्थित मलयपुर पुलिस लाइन में गुरुवार सुबह एक पानी की टंकी गिरने से दो सीआरपीएफ जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए शहर के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है।
.
घायल जवानों की पहचान मनीष कुमार (33) और कामेश्वर प्रसाद (55) के रूप में हुई है। दोनों मलयपुर पुलिस लाइन में तैनात हैं। अन्य सीआरपीएफ जवानों ने बताया कि गुरुवार सुबह पुलिस लाइन में पानी की आपूर्ति में समस्या आ रही थी। इसे ठीक करने के लिए जवान मनीष कुमार और कामेश्वर प्रसाद पानी की टंकी पर चढ़े थे।
इलाज के लिए जवान को लाया गया अस्पताल।
दीवार के नीचे दबने से 2 जवान घायल
इसी दौरान पानी की टंकी फट गई और उसकी दीवार दोनों जवानों पर गिर गई। दीवार के नीचे दबने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही अन्य जवान मौके पर पहुंचे और दबे हुए मनीष और कामेश्वर प्रसाद को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने बताया कि दोनों जवानों के पैर टूटने के कारण उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें हड्डी रोग विशेषज्ञ के पास रेफर कर दिया गया, जिसके बाद उन्हें शहर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है।

