400 families of Sanjay Nagar were deprived of lease. | संजय नगर के 400 परिवार पट्टे से वंचित: 40 साल से रह रहे 2000 लोग प्रधानमंत्री आवास से दूर – Dhar News
धार जिले के धामनोद नगर परिषद क्षेत्र की संजय नगर कॉलोनी के करीब 2 हजार लोग अपने घरों के पट्टे की मांग को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। रहवासियों ने तहसीलदार दिनेश उईके को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की।
.
रहवासियों ने बताया कि संजय नगर कॉलोनी में करीब 400 परिवार पिछले लगभग 40 वर्षों से रह रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें जमीन के पट्टे नहीं मिले हैं। पट्टे नहीं होने के कारण ये परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना समेत कई सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
पुलिस लाइन की जमीन बताकर रोका जा रहा मामला
क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि जमील खान ने बताया कि जिस जमीन पर कॉलोनी बसी है, उसे पुलिस लाइन की जमीन बताया जा रहा है। इसी कारण नगर परिषद पट्टे जारी नहीं कर रही है। इससे पहले भी रहवासी कई बार धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं हुआ।
टैक्स देने को भी तैयार हैं रहवासी
निवासियों ने कहा कि यदि उन्हें पट्टे मिल जाते हैं, तो वे नियमित रूप से संपत्ति कर देने के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने बताया कि कॉलोनी के कुछ लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है, लेकिन ज्यादातर परिवार अभी भी इससे वंचित हैं।
तहसीलदार ने दिया आश्वासन
पट्टे न होने के कारण अधिकतर परिवार आज भी कच्चे मकानों में रह रहे हैं। बारिश और तेज आंधी में घरों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है, जिससे लोगों में डर और असुरक्षा बनी रहती है।
पार्षद प्रतिनिधि ने बताया कि जिन परिवारों के पास पट्टे नहीं हैं, उनका सर्वे होना चाहिए, लेकिन जमीन विवादित बताकर करीब 400 घरों का सर्वे नहीं किया जा रहा है।तहसीलदार दिनेश उईके ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए कहा कि रहवासियों की मांग को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और पट्टे दिलाने के लिए जल्द जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
देखिए तस्वीरें

