A CNG crematorium will be built in the Nagar Palika in Baghpat. | बागपत में नपा विभाग बनाएगा CNG शवदाह गृह: निशुल्क किया जाएगा अंतिम संस्कार, यूपी का पहला सीएनजी चलित होगा – Baghpat News
आशीष| बागपत3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बागपत की बड़ौत नगर पालिका उत्तर प्रदेश का पहला सीएनजी चालित शवदाह गृह बनाने जा रही है। इसका निर्माण कार्य आज नगर पालिका अध्यक्ष और सभासदों ने नारियल तोड़कर शुरू किया। अध्यक्ष ने बताया कि यह शवदाह गृह 94 लाख रुपए की लागत से बनेगा और पूरी तरह सीएनजी से संचालित होगा। इसमें लकड़ी या अन्य किसी सामग्री का उपयोग नहीं किया जाएगा।
नगर पालिका बोर्ड ने पेड़ों की कटाई रोकने और वायु प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। अध्यक्ष ने जानकारी दी कि यूपी के कई महानगरों में आधुनिक शवदाह गृह हैं, लेकिन किसी नगर पालिका में इस तरह का यह पहला प्रयास है।
अध्यक्ष ने बताया कि इस परियोजना की शुरुआत कर दी गई है और इसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। अंतिम संस्कार के लिए इसकी कीमत निशुल्क रखने का निर्णय लिया गया है, जिसे बोर्ड में रखा जाएगा और फिर यह सेवा मुफ्त में उपलब्ध होगी।
नगर पालिका अध्यक्ष पति अश्वनी तोमर ने बताया कि पहले अंतिम संस्कार के लिए लगभग 4.5 क्विंटल लकड़ी का उपयोग होता था, जिसके लिए लगभग तीन पेड़ काटने पड़ते थे। लकड़ी जलाने से वायु प्रदूषण भी फैलता था।
इन सभी समस्याओं को देखते हुए नगर पालिका ने आधुनिक शवदाह गृह बनाने का प्रस्ताव बोर्ड में पारित किया था। इसी क्रम में आज अध्यक्ष और सभासद बड़ौत के श्मशान घाट पहुंचे और नारियल तोड़कर इसकी नींव रखी।

