Naxalite dump material found in Lamra forest of Rajnandgaon | राजनांदगांव के लमरा जंगल में मिला नक्सली डंप सामान: मिट्टी के नीचे छिपाकर कर रखे थे; सरेंडर नक्सलियों ने दिया इनपुट – Rajnandgaon News
राजनांदगांव रेंज के लमरा जंगल में दो स्थानों से बड़ी मात्रा में नक्सलियों की छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद हुई है। मामला बकरकट्टा थाना क्षेत्र का है। इससे पहले 8 दिसंबर को 12 माओवादियों ने सरेंडर किया था। उसके बाद आज उसी इलाके से हथियार बरामद किए गए।
.
आत्मसमर्पित नक्सलियों ने पुलिस टीम को पूछताछ के दौरान लमरा जंगल में दो गुप्त डंप स्थलों की जानकारी दी थी। सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने तुरंत तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान मिट्टी के नीचे छिपाकर रखे गए हथियारों, विस्फोटकों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं का एक बड़ा जखीरा मिला।
नक्सलियों ने मिट्टी के नीचे छिपाकर रखा था सामान।
सेंट्रल एजेंसी जुटा रही जानकारी
केंद्रीय जांच एजेंसी राजनांदगांव में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से विस्तृत जानकारी जुटा रही है। एजेंसी उनके वित्तीय स्रोतों का पता लगा रही है, जिसमें तेंदूपत्ता और ठेकेदारों से मिलने वाली रॉयल्टी शामिल है। इसके अलावा पुराने नक्सली और सीसी सदस्य रामधेर के बड़े नेताओं से संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
बोर गन, बीजीएल शामिल
बरामद की गई सामग्री में एक इंसास एलएमजी राइफल, दो .303 राइफल (58 जिंदा राउंड के साथ), एक 12 बोर गन (25 राउंड के साथ), एक बीजीएल (पांच सेल में से चार जिंदा और एक खाली), दो सेट वर्दी कपड़े, दो पोच, दो पिट्ठू, तिरपाल, मेडिकल सामग्री, नक्सली साहित्य और अन्य वस्तुएं शामिल हैं।
नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक और सघन अभियान के तहत ये हथियार मिलना सुरक्षा बलों के लिए महत्वपूर्ण सफलता है। यह सफलता 8 दिसंबर को एमएमसी जोन के 12 माओवादियों के आत्मसमर्पण के बाद मिली।

