Haryana CM Nayab Saini reach Fatehabad today in Sansad Khel Mahotsav | Fatehabad News | फतेहाबाद में सीएम नायब सैनी पहुंचेंगे आज: सिरसा-फतेहाबाद का कबड्डी मुकाबला देखेंगे; पंचनद सदन का उद्घाटन करेंगे – Fatehabad (Haryana) News
नायब सैनी, सीएम, हरियाणा सरकार।
हरियाणा के सीएम नायब सैनी आज (शनिवार) को फतेहाबाद पहुंचेंगे। वह यहां सांसद खेल महोत्सव के ग्रेंड फिनाले में बतौर चीफ गेस्ट भाग लेंगे। इस दौरान सीएम के सामने ही सिरसा और फतेहाबाद के खिलाड़ियों के बीच कबड्डी का मुकाबला होगा।
.
सीएम के साथ अर्जुन अवार्डी खिलाड़ी योगेश्वर दत्त, बबीता फोगाट, गीतिका जाखड़, बॉक्सर विजेंद्र सिंह, बॉक्सर जयभगवान समेत कई नामी खिलाड़ी भी पहुंचेंगे। जो स्थानीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद सुभाष बराला करेंगे।
सांसद खेल महोत्सव में भाग लेने से पहले सीएम नायब सैनी बाईपास के पास स्थित ढाणी में सैनी समाज की ओर से रखे गए जलपान कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद पंजाबी समाज की ओर से बनाए गए पंचनद सेवा सदन का भी उद्घाटन करेंगे।
इन 9 खेलों में भाग लेंगे खिलाड़ी
सांसद खेल महोत्सव में करीब चार हजार खिलाड़ी 9 खेलों के मुकाबलों में भाग लेंगे। इन 9 खेलों में कबड्डी, एथलेटिक्स, हॉकी, क्रिकेट, खो-खो, वॉलीबाल, हैंडबाल, फुटबाल, बॉक्सिंग शामिल हैं। इनके अलग-अलग जगह पर मुकाबले करवाए जाएंगे। ये खिलाड़ी आज रात को फतेहाबाद में ही रुकेंगे। इनके ठहरने की व्यवस्था धर्मशालाओं में की गई है।
8 नाकों पर होगी चेकिंग
पुलिस प्रशासन की ओर से जीटी रोड व रतिया रोड पर 8 नाके लगाए जाएंगे। इन नाकों पर वाहनों की आवाजाही पर नजर रखी जाएगी। साथ ही चेकिंग भी की जाएगी। चेकिंग के बाद ही लोगों को कार्यक्रम स्थल तक जाने दिया जाएगा।
6 डीएसपी के अतिरिक्त 15 इंस्पेक्टर, 47 सब इंस्पेक्टर, 488 सिपाही, 190 होमगार्ड तथा 74 एसपीओ सुरक्षा के लिए लगाए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस बल, विशेष शाखा के अधिकारी, बम निरोधक दस्ते तथा डॉग स्क्वॉड की तैनाती की गई है।
पंचनद सेवा सदन के लिए खट्टर ने दिलाई थी जमीन
पंचनद सेवा सदन के निर्माण के लिए पंजाबी समाज को तत्कालीन सीएम मनोहर लाल खट्टर ने जमीन दिलाई थी। इसके बाद सामाजिक लोगों के सहयोग से इसका निर्माण किया गया। फिलहाल इस सदन का फर्स्ट फ्लोर पूरा हो चुका है। यहां सामाजिक, धार्मिक व निजी कार्यक्रम हो सकेंगे।

