Over 4 lakh ASD voters identified in Unnao | उन्नाव में 4 लाख से अधिक ASD मतदाता चिन्हित: निर्वाचन आयोग से हिंदी सूची उपलब्ध कराने की मांग, जनप्रतिनिधियों से डेटा साझा किया – Unnao News

Over 4 lakh ASD voters identified in Unnao | उन्नाव में 4 लाख से अधिक ASD मतदाता चिन्हित: निर्वाचन आयोग से हिंदी सूची उपलब्ध कराने की मांग, जनप्रतिनिधियों से डेटा साझा किया – Unnao News


विशाल मौर्य | उन्नाव3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

उन्नाव जनपद में मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले में कुल 4 लाख 5 हजार 542 एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत) मतदाता चिन्हित किए गए हैं।

अभियान के क्रम में 12 तारीख को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में एएसडी सूची साझा की गई, जिसमें अनुपस्थित, मृत, स्थानांतरित या डुप्लीकेट प्रविष्टियों वाले मतदाताओं का विवरण शामिल है।

जिन मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट उपस्थित नहीं हो सके थे, वहां बाद में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अलग से बैठक की गई। इस बैठक में सभी दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे और उन्हें एएसडी सूची की हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी दोनों उपलब्ध कराई गईं। अभियान के दौरान सामने आई व्यावहारिक समस्याओं और तकनीकी बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एएसडी सूची के अंग्रेजी में होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इससे कार्यकर्ताओं और आम मतदाताओं को सूची समझने में कठिनाई हो रही है। इस पर जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया कि सूची को हिंदी में उपलब्ध कराने के लिए निर्वाचन आयोग से पत्राचार किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची के सत्यापन में कोई बाधा न आए।

अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में चिन्हित मतदाताओं की संख्या 4 लाख 5 हजार 542 है। हालांकि, निर्वाचन आयोग द्वारा समय सीमा बढ़ाए जाने के बाद पुनः सत्यापन और सुधार प्रक्रिया पूरी होने पर यह संख्या घटने की संभावना है। एएसडी सूची का मुख्य उद्देश्य राजनीतिक दलों को भी अपने स्तर पर मतदाताओं का मिलान करने और पात्र मतदाताओं के नाम शुद्ध कराने में सहायता करना है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का डाटा सत्यापन के दौरान सही पाया जाएगा, उनकी पुनः मैपिंग कर नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा और अंतिम प्रकाशन में उन्हें मताधिकार से वंचित नहीं किया जाएगा।जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 23 लाख 25 हजार 53 है, जिनमें से अब तक 4 लाख 5 हजार 542 मतदाता यानी 17.44 प्रतिशत को एएसडी श्रेणी में रखा गया है।

विधानसभा वार स्थिति की बात करें तो सबसे अधिक 25.76 प्रतिशत कटौती उन्नाव सदर विधानसभा में दर्ज की गई है। इसके अलावा बांगरमऊ में 15 प्रतिशत, सफीपुर में 14.76 प्रतिशत, मोहन में 14.96 प्रतिशत, भगवंतनगर में 16.73 प्रतिशत और पुरवा विधानसभा में 15.76 प्रतिशत मतदाता एएसडी सूची में शामिल किए गए हैं।

बैठक में बसपा से रामखेलावन, भाजपा से दिनेश गुप्ता, सपा से छोटेलाल भारतीय, आम आदमी पार्टी से कुलदीप यादव, सीपीआई से अखिलेश तिवारी और अपना दल से अमरेश उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी और शुद्ध मतदाता सूची ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!