Aam Aadmi Party to Contest Upcoming Panchayat Elections in Himachal Pradesh’ | हिमाचल में पंचायत चुनाव लड़ेगी AAP: प्रदेश प्रभारी बोले- जिला कमेटियों का गठन, संगठन को मजबूत करने पर जोर – Dehra News
प्रेसवार्ता करते आम आदमी पार्टी के नेता ऋतुराज झां
हिमाचल में होने वाले आगामी पंचायत चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) भी अपने उम्मीदवार उतारेगी। पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता ऋतुराज गोविंद झा ने ज्वालामुखी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कार्यकर्ता मैदान में उतरकर चुनाव लड़ेंगे
.
ऋतुराज गोविंद झा ने बताया कि आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश में संगठन को मजबूत करने पर तेजी से काम कर रही है। जिला कार्यकारिणियों का गठन हो चुका है। कांगड़ा जिले को चार संगठनात्मक जिलों—देहरा, नूरपुर, पालमपुर और कांगड़ा में बांटा गया है। अब विधानसभा स्तर की कमेटियों का गठन किया जा रहा है।
आम आदमी पार्टी ने किसानों, बागवानों और हिमाचलियों के हितों की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया है। झा के अनुसार, जनता कांग्रेस और भाजपा की बारी-बारी से चलने वाली राजनीति से ऊब चुकी है। उन्होंने कहा कि लोग अब आम आदमी पार्टी को मौका देने का मन बना चुके हैं।
झा ने पिछले विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय आम आदमी पार्टी मजबूत स्थिति में थी, लेकिन चुनाव से ठीक पहले पार्टी के बड़े नेताओं को कथित तौर पर झूठे मामलों में फंसा दिया गया, जिससे पार्टी को पीछे हटना पड़ा। उन्होंने बताया कि इस बार पार्टी दो साल पहले ही मैदान में उतर चुकी है और कांग्रेस तथा भाजपा दोनों को हिमाचल से हटाने का संकल्प लिया गया है।
पंचायत चुनावों के संबंध में उन्होंने स्पष्ट किया कि ये चुनाव पार्टी सिंबल पर नहीं होते। इसलिए, शीर्ष नेतृत्व के बजाय जमीनी स्तर पर कार्यकर्ता ही मुख्य भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सबसे पहले बूथ स्तर को मजबूत किया जाएगा और कार्यकर्ता अपने-अपने स्तर पर पंचायत चुनाव लड़ेंगे।

