Karnal Two Youths Killed Bus-Bike Accident Gharaunda | करनाल में बस ने दो बाइक सवारों को कुचला: मौके पर मौत, पीछे से मारी टक्कर, आरोपी ड्राइवर फरार – Karnal News
करनाल के घरौंडा में रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। फायर ब्रिगेड ऑफिस के सामने हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर गए और बस की चपेट में आ गए। हादसे के बाद
.
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार रविवार की शाम करीब साढ़े छह बजे एक बाइक पर सवार दो युवक करनाल की ओर से पानीपत की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वे घरौंडा में फायर ब्रिगेड ऑफिस के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रही रोहतक डिपो की हरियाणा रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।
बस का पिछला पहिया दोनों युवकों पर चढ़ा सड़क पर गिरते ही दोनों युवक बस की चपेट में आ गए। बस का पिछला पहिया दोनों को रौंदता हुआ आगे बढ़ गया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बस करीब 100 मीटर आगे जाकर रुकी। इसके बाद चालक बस को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
सर्विस रोड पर लगा जाम, लोगों की भीड़ जुटी हादसे को होते देख आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। बस बीच सड़क पर खड़ी रहने के कारण सर्विस रोड पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करती पुलिस।
पहचान नहीं हो सकी, बागपत यूपी के बताए जा रहे युवक प्रत्यक्षदर्शी हरपाल ने बताया कि प्राथमिक जानकारी में दोनों युवक बागपत, उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर करनाल स्थित कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी हाउस में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
बस कब्जे में, चालक की तलाश जारी मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी उमेश ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। हरियाणा रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात सुचारू कराया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

