Employees made a reel in Hamirpur District Industries Office | हमीरपुर जिला उद्योग कार्यालय में कर्मचारियों ने बनाई रील: कार्यालय समय में वीडियो बनाने पर अधिकारियों ने साधी चुप्पी – Hamirpur News
सैयद रिजवान अली | हमीरपुर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
हमीरपुर में सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों द्वारा कार्यालय समय में रील बनाने का चलन जारी है। ताजा मामला जिला उद्योग केंद्र से सामने आया है, जहां महिला और पुरुष कर्मचारियों ने कार्यालय के भीतर ही नाच-गाने की रील बनाई है। इन वीडियो के सामने आने के बाद अधिकारियों ने चुप्पी साध ली है।
यह घटना जिला उद्योग केंद्र कार्यालय की है। यहां कार्यरत महिला क्लर्क साधना वर्मा और पुरुष कर्मचारी चेतन के अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं। इन वीडियो में कर्मचारी कार्यालय समय के दौरान कार्यालय परिसर के अंदर गानों पर नृत्य और अभिनय करते दिख रहे हैं।
एक वीडियो लगभग 37 सेकंड का है, जिसमें कर्मचारी अलाव के पास बैठकर एक फिल्मी गीत पर नाचते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो में एक कर्मचारी अपने साथी के गालों पर हाथ फेरते और चूमने का अभिनय भी करता नजर आता है।
एक अन्य 33 सेकंड के वीडियो में पुरुष कर्मचारी एक फिल्मी गीत पर अकेले नृत्य कर रहा है। इसके अतिरिक्त, 30 सेकंड के एक वीडियो में महिला कर्मचारी अपनी कुर्सी पर बैठकर एक गीत पर लिप-सिंक और अभिनय करती हुई दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि ये सभी रील कार्यालय परिसर और ड्यूटी के समय बनाई गई हैं। वीडियो सामने आने के बावजूद, विभागीय अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई नहीं की गई है। विभाग ने इस पूरे मामले पर फिलहाल चुप्पी साध रखी है।

