Theft in clothes and jewellery shop in Garhwa | गढ़वा में कपड़े और ज्वैलरी शॉप में चोरी: 40 लाख रुपए की संपत्ति ले गए चोर, सीसीटीवी का हार्ड डिस्क भी किया गायब – Garhwa News
गढ़वा के विशुनपुरा में बुधवार देर रात चोरों ने प्रसिद्ध व्यवसायी राम हरख प्रसाद गुप्ता के शुभ लक्ष्मी वस्त्रालय-मुन्ना ज्वेलर्स में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित के अनुसार, चोर लगभग 40 लाख रुपए मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात और कपड़े ले गए। इस घट
.
चोरों ने दुकान के पीछे के रास्ते से लोहे की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया। भीतर घुसते ही उन्होंने सोना-चांदी रखे अलमीरा को तोड़ डाला। चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का हार्ड डिस्क भी साथ ले गए। सुबह कपड़े, जेवरात और चांदी के डिब्बे चारों ओर बिखरे पड़े मिले।
दुकान में रखे एक लोहे के लॉकर को ले जाने का भी प्रयास किया गया, लेकिन भारी होने के कारण चोर इसमें सफल नहीं हो पाए। चोरों ने लॉकर को शौचालय में ही छोड़ दिया।
परिवार दुकान में मौजूद, फिर भी चोरी
पीड़ित व्यवसायी बिनोद गुप्ता उर्फ मुन्ना ने बताया कि रोज की तरह बुधवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। इसके बाद रात करीब 9 बजे उनके माता–पिता दुकान के ऊपर दूसरी मंजिल पर सोने आ गए थे। नीचे दुकान में इतनी बड़ी चोरी हो गई, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी।
चोरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा: थाना प्रभारी
घटना की सूचना मिलते ही विशुनपुरा थाना प्रभारी राहुल सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने टूटे ग्रिल, अलमीरा और बिखरे सामान का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि चोरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
व्यवसायियों में आक्रोश
इधर, व्यवसायी संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने दुकानदारों से जब तक इस घटना का खुलासा नहीं हो जाता, तब तक सभी दुकानों को बंद रखकर सड़क पर उतरने का आह्वान किया।

