Mother leaves 9-month-old baby and runs away with lover | 9 महीने के मासूम को छोड़ प्रेमी संग भागी मां: दर-दर भटक रहा पति, गोद में मासूम को लेकर SP से शिकायत करने पहुंचा – Mainpuri News
अभिषेक जैन | मैनपुरी3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र से एक मामला सामने आया है, जहां एक महिला अपने नौ महीने के बच्चे और पति को छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई। पति सत्यभान अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर न्याय की गुहार लगाने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा।
सत्यभान ने बताया कि उसकी शादी को लगभग तीन साल हो चुके हैं और उनका एक नौ महीने का बेटा है। वह दूसरे जिले में एक बिजली संयंत्र में कार्यरत है। करीब एक महीने पहले, जब वह ड्यूटी पर था, उसकी पत्नी घर से अपने प्रेमी के साथ चली गई।
पत्नी जाते समय मासूम बच्चे को घर पर ही छोड़ गई। इसके साथ ही वह घर में रखे लगभग 50 हजार रुपये नकद और कुछ कीमती जेवरात भी अपने साथ ले गई। सत्यभान को परिजनों से सूचना मिलने के बाद वह तुरंत नौकरी छोड़कर घर लौटा।
सत्यभान का आरोप है कि पत्नी के प्रेमी ने उसे फोन पर जान से मारने की धमकी भी दी है। इस संबंध में उसने भोगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत दर्ज कराए एक महीना बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
न्याय न मिलने से परेशान सत्यभान अपने नौ महीने के बेटे को गोद में लेकर पत्नी की तलाश में भटक रहा है। मां के बिना बच्चा लगातार रो रहा है और उसकी ठीक से देखभाल नहीं हो पा रही है।
पत्नी की तलाश और न्याय की उम्मीद में वह अपनी नौकरी पर भी नहीं जा पा रहा है। मजबूर होकर सत्यभान ने एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रशासन से पत्नी को ढूंढकर वापस लाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

