Preparations underway for the arrival of President Draupadi Murmu in Jamshedpur | जमशेदपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन की तैयारी: जिला प्रशासन ने किया रिहर्सल, कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के आवागमन पर रोक – Jamshedpur (East Singhbhum) News
जमशेदपुर में आगामी 29 दिसंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन होगा। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है।
.
इसी क्रम में शनिवार की शाम जिला प्रशासन द्वारा राष्ट्रपति के दौरे से संबंधित सुरक्षा व्यवस्था का मॉक ड्रिल किया गया।
रिहर्सल के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई और आवश्यकतानुसार कट और वैकल्पिक मार्गों को अस्थायी रूप से बंद किया गया।
व्यापक ट्रैफिक प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन की योजना
वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जमशेदपुर आगमन को लेकर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। सुरक्षा के मद्देनजर पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन की योजना बनाई है।
सुबह 10.40 बजे राष्ट्रपति पहुंचेंगी करनडीह जाहेरथान
राष्ट्रपति का आगमन 29 दिसंबर को सुबह 10.10 बजे सोनारी एयरपोर्ट पर निर्धारित है। एयरपोर्ट से वह सीधे करनडीह जाहेरथान जाएंगी। यहां वे 1.05 घंटे रहेंगी। उनके साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, संतोष गंगवार और झाड़ग्राम के विधायक पद्मश्री कालीपद सोरेन मंच पर मौजूद रहेंगे। आयोजन समिति के रविंद्र मुर्मू ने कहा- संताली भाषा की ओलचिकी लिपि के 100 वर्ष पूरे होने पर शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है।
समापन समारोह में ओलचिकी लिपि को समृद्ध और विकसित करने में योगदान देने वाले 100 लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें से 12 को राष्ट्रपति स्वयं सम्मानित करेंगी। आयोजन स्थल पर सुबह 7 बजे से 9.30 बजे तक ही पास-धारकों को एंट्री मिलेगी। इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आगंतुकों के वाहनों की पार्किंग एलबीएसएम कॉलेज के पास होगी।
दीक्षांत समारोह में 1.05 घंटे रुकेंगी राष्ट्रपति
करनडीह जाहेरथान से 11.45 बजे काफिला जमशेदपुर परिसदन के लिए रवाना होगा। दोपहर का भोजन करने के बाद राष्ट्रपति दोपहर 1.50 बजे बिष्टुपुर होते हुए एनआईटी जमशेदपुर जाएंगी। एनआईटी जमशेदपुर का 15वां दीक्षांत समारोह 29 दिसंबर को संस्थान परिसर में आयोजित किया जाएगा।
इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगी। एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक डॉ. गौतम सूत्रधार ने बताया- इस वर्ष कुल 1114 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। इनमें 612 स्टूडेंट्स समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपनी सफलता का प्रमाण पत्र प्राप्त करेंगे। इनमें स्नातक के 417, स्नातकोत्तर के 149 और 46 पीएचडी शोधार्थी शामिल हैं।

