Bhandup bus accident; Bus mows down several people in Mumbai’s Bhandup | मुंबई के भांडुप में बस ने कई लोगों को कुचला: 4 लोगों की मौत, 9 घायल; रिवर्स करते समय हादसा, बस चालक हिरासत में
मुंबई4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मुंबई पुलिस ने बताया कि हादसा बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) के बस से हुआ।
मुंबई के भांडुप में स्टेशन रोड पर सोमवार रात एक बस ने कई यात्रियों को कुचल दिया। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। 9 घायल हैं। मुंबई पुलिस ने बताया कि हादसा रात 10:05 बजे बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) के बस से हुआ।
पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मौके पर एम्बुलेंस, मुंबई अग्निशमन विभाग और बेस्ट फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, रिवर्स करते समय बस बेकाबू हो गई और पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी।
पीड़ितों को राजावाड़ी और एमटी अग्रवाल अस्पतालों में ले जाया गया, जहां अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। कई घायल गंभीर हालत में हैं। मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
हादसे की 4 तस्वीरें…
घटनास्थल पर लोगों के शव पड़े दिखाई दिए। वे खंभे और बैनर-पोस्टर से दब गए थे।
तस्वीरों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि बस रिवर्स करते समय फुटपाथ पर चढ़ गई थी।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के समय स्टेशन रोड पर काफी भीड़ थी, जिससे कई लोग बस की चपेट में आ गए।
BEST मुंबई में पब्लिक बस ट्रांसपोर्ट की प्रमुख सर्विस है, जो शहर और उपनगरीय इलाकों को जोड़ती है। इसके पास लगभग 2,700-3,200 से अधिक बसें हैं। इनमें सामान्य, लिमिटेड, एसी और इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। BEST बस सेवा बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अधीन है।

