Ramgarh on high alert on New Year | नव वर्ष पर रामगढ़ में हाई अलर्ट: सड़कों से लेकर पर्यटन स्थलों तक कड़ी सुरक्षा, रजरप्पा और पतरातू डैम पर खास इंतजाम – Ramgarh (Jharkhand) News
नव वर्ष के मौके पर रामगढ़ जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए जिला पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस प्रशासन के अनुसार 31 दिसंबर की शाम से लेकर 1 जनवरी तक पूरे जिले में हाई अलर्ट रहेगा।
.
सभी प्रमुख चौराहों, नुक्कड़ों और मुख्य सड़कों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लगातार गश्त होगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति पर तुरंत काबू पाया जा सके। भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है और संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
भीड़ वाले इलाकों में रहेगी पुलिस सहायता केंद्र
नव वर्ष के जश्न के दौरान आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। यहां नागरिक किसी भी आपात स्थिति या सहायता के लिए सीधे पुलिस से संपर्क कर सकेंगे।
इसके साथ ही जिले में जगह-जगह बैरिकेडिंग की जाएगी और वाहनों की सघन जांच की जाएगी। खासतौर पर रात के समय शराब पीकर वाहन चलाने वालों, तेज रफ्तार और हुड़दंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का लक्ष्य है कि नए साल का जश्न बिना किसी बाधा और डर के मनाया जा सके।
रजरप्पा और पतरातू डैम पर खास इंतजाम
रामगढ़ जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों रजरप्पा मंदिर और पतरातू डैम पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पर नव वर्ष के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, जिनमें दूसरे राज्यों से आने वाले लोग भी शामिल रहते हैं।
भीड़ प्रबंधन प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है, खासकर पिकनिक और धार्मिक आयोजनों के दौरान। इसे देखते हुए इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, ट्रैफिक व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
एसपी की अपील: शांति से मनाएं नया साल
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने जिलेवासियों से नव वर्ष शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, तेज रफ्तार और हुड़दंग से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। एसपी ने स्पष्ट किया कि पूरे जिले में प्रशासन की पैनी नजर रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

