Bharatiya Kisan Union submitted a memorandum to SDM in Dhar. | धार में भारतीय किसान यूनियन ने SDM को सौंपा ज्ञापन: खरमोर अभ्यारण की टिन की दीवार हटाने, क्रॉसिंग सुधारने की मांग – Dhar News
धार में भारतीय किसान यूनियन ने SDM को सौंपा ज्ञापन
धार जिले के सरदारपुर में भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) ने सोमवार को एसडीएम सलोनी अग्रवाल को कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इसमें धुलेट से दत्तिगांव के बीच खरमोर अभ्यारण के तहत लगाई गई टिन की दीवार हटाने और धुलेट में रोड क्रॉसिंग में सुधार की मांग की
.
यूनियन ने ज्ञापन में बताया कि धुलेट से दत्तिगांव के बीच का क्षेत्र पहले खरमोर अभ्यारण घोषित था, जिसके तहत एनएचएआई ने टिन की दीवार लगाई थी। हालांकि, मध्य प्रदेश शासन वन विभाग, भोपाल ने इस क्षेत्र को खरमोर अभ्यारण से डिनोटिफाई कर दिया है, लेकिन दीवार अभी तक नहीं हटाई गई है।
इस दीवार के कारण किसानों की जमीनें सड़क से पूरी तरह अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे उन्हें कृषि कार्य और व्यापार-व्यवसाय करने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त, यूनियन ने धुलेट क्रॉसिंग में तत्काल सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।
उनका कहना है कि अनियंत्रित क्रॉसिंग के कारण क्षेत्र में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। ज्ञापन में ग्राम घटोदा में अतिक्रमण कर आम रास्ता रोकने से परेशान किसानों की समस्या का भी उल्लेख किया गया। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राकेश सोलांकी ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर इन समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो किसान चक्का जाम करेंगे। ज्ञापन सौंपते समय यूनियन के पदाधिकारी और कई किसान मौजूद रहे।

