गोरखनाथ मेला में रोज पहुंच रहे हजारों लोग-VIDEO:परिवार-दोस्तों संग इन्जॉय कर रहे, रोमांच, खरीदारी और स्वाद का दिख रहा संगम
गोरखनाथ मंदिर परिसर में चल रहे खिचड़ी मेले में इन दिनों जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रोजाना हजारों की संख्या में लोग मेला घूमने पहुंच रहे हैं और परिवार व दोस्तों के साथ मेले का भरपूर आनंद उठा रहे हैं। बच्चे हों या बड़े, हर किसी के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही है। मेले में लगे ऊंचे-ऊंचे और रोमांचक झूले लोगों को खूब लुभा रहे हैं। 360 डिग्री झूला, डबल डिस्क और कोलंबस जैसे झूलों पर लोगों की लंबी लाइन लगी हुई है। इसके साथ ही इस बार पहली बार आई ‘जलपरी’ बच्चों और बड़ों दोनों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है। जलपरी को देखने के लिए लोगों में होड़ मची है।
मेले के अंदर कदम रखते ही हर तरफ शोर, संगीत और खुशियों का माहौल नजर आता है। मनोरंजन के साथ-साथ खरीदारी के शौकीनों के लिए भी मेले में बहुत कुछ है। इटावा से आए हैंडमेड वुडन आइटम इस बार मेले का सबसे बड़ा आकर्षण बनकर सामने आए हैं। लकड़ी से बनी सुंदर और यूनिक कलाकृतियों को लोग खूब पसंद कर रहे हैं और जमकर खरीदारी कर रहे हैं। दैनिक भास्कर से बात करते हुए सिद्धि पाण्डेय ने कहा, “मैं मेला घूमने आई हूं, आकर बहुत अच्छा फील हो रहा है। अभी मैं झूला झूलकर आई, मजा आ गया। प्रशासन की भी काफी अच्छी व्यवस्था है।” वहीं देवरिया से आईं सारिका ने बताया, “मंदिर में दर्शन की हूं, अब मेला घूमना है। श्रृंगार के सामान और बच्चों के लिए खिलौने लूंगी।”
मेले में हर बार की तरह इस बार भी ‘मौत का कुआं’ लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां स्टंट मैन बाइक के साथ-साथ कार से भी खतरनाक स्टंट दिखा रहे हैं, जिसे देखकर दर्शक दंग रह जा रहे हैं। इसके अलावा गुब्बारे फोड़ने वाली शूटिंग रेंज में लोग अपना निशाना आजमा रहे हैं।
खाने-पीने के शौकीनों के लिए भी मेले में खूब इंतजाम हैं। खजला, खाजा और मेले के पारंपरिक पकवानों का लोग जमकर स्वाद ले रहे हैं। खाने की दुकानों पर भी अच्छी-खासी भीड़ देखी जा रही है।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा किया गया है। श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। हर गतिविधि पर पुलिस की नजर बनी हुई है, ताकि लोग बिना किसी परेशानी के मेले का आनंद उठा सकें।
Source link

