बिहार में फिर बढ़ेगी ठंड, 20-21 जनवरी को होगी बारिश:20 जिलों का तापमान 10 डिग्री से नीचे, 8 में कोहरे का अलर्ट
पटना समेत बिहार के कई जिलों में धूप निकलने के बाद से ठंड से राहत मिली है। हालांकि, पहाड़ों पर अचानक शुरू हुई बर्फबारी के बाद उत्तर भारत में एक बार फिर ठंड बढ़ गई। आने वाले दिनों में इसका असर बिहार में भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के चलते बिहार में फिर से ठंड बढ़ सकती है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने आज 8 जिलों में कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के 20 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। 2 डिग्री तापमान गिरा है, जिससे सुबह और रात में ठिठुरन बढ़ गई है। फिलहाल राज्य का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। विभाग की माने तो 17 जनवरी को एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है, जिससे 20-21 जनवरी को बारिश के आसार हैं, जिससे ठिठुरन और बढ़ जाएगी। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे तापमान बढ़ने की संभावना है। पटना में आज छाया रहेगा कुहासा राजधानी की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार आज पटना में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिन में धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन रात में कड़ाके की ठंड बरकरार रहेगी। पटना का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। बीते 24 घंटे में पटना में दिन में भी कनकनी बढ़ी है। मौसम से जुड़ी तस्वीरें… मौसम ऐसा क्यों बना है मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही पछुआ हवाएं, साफ आसमान और नमी में कमी के कारण रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। दिन में धूप निकलने से ठंड कम महसूस हो रही है, लेकिन रात में तेजी से तापमान गिरने के कारण ठिठुरन बढ़ रही है। यही वजह है कि लोगों को दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर महसूस हो रहा है। 20 जिले का तापमान 10 डिग्री के नीचे मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान सबौर (भागलपुर) में 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा सीवान के जीरादेई और गया में 6.4, औरंगाबाद, रोहतास के डेहरी में 6.5, बक्सर, किशनगंज में 7.0, समस्तीपुर में 7.3, वैशाली में 7.7 और शेखपुरा में 7.8 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। इन जिलों में सुबह के समय ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है। 21 जनवरी से पछुआ हवाओं तेज चलेगी। इससे राज्य में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है। खासकर रात और सुबह के समय लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।
Source link

