जांजगीर-चांपा में 20 लाख की लूट…मास्टरमाइंड समेत 4 गिरफ्तार:सुपरवाइजर का अपहरण कर वारदात को अंजाम दिया, कैश कलेक्शन कर लौट रहा था
जांजगीर-चांपा पुलिस ने 20.18 लाख रुपए से अधिक की लूट के मामले में मास्टरमाइंड सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 13.75 लाख रुपए कैश और कार जब्त की गई है। इस मामले में एक अन्य आरोपी फरार चल रहा है। मामला चांपा थाना क्षेत्र का है। एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि 9 जनवरी को मेसर्स अरविंद इंडस्ट्रीज के सुपरवाइजर हरीश देवांगन कंपनी का कैश कलेक्शन कर सक्ती से चांपा लौट रहे थे। उनके पास कुल 20 लाख 18 हजार 700 रुपए कैश थे। ग्राम कोसमंदा मेन रोड तालाब के पास एक कार में सवार पांच लोगों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया और हरीश की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंक दिया। आंखों में तेज जलन के कारण जब हरीश रुका, तो आरोपियों ने जबरन बैग छीनने की कोशिश की। जब वे बैग नहीं छीन पाए, तो उसे कार में बैठाकर अगवा कर लिया। आरोपियों ने हरीश के साथ मारपीट की और उसे मैनपाट के सेल्फी प्वाइंट तक ले गए। वहां उन्होंने हरीश को गहरी खाई में धक्का दे दिया, यह सोचकर कि उसकी मौत हो जाएगी। 300 सीसीटीवी खंगालकर पुलिस ने की पहचान हालांकि, हरीश पूरी रात खाई में फंसे रहे और 10 जनवरी की सुबह किसी तरह बाहर निकलकर घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बलौदा और कोरबा क्षेत्र के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की। आधे-अधूरे वाहन नंबर और कार की बनावट के आधार पर एक संदिग्ध काली वेन्यू कार की पहचान की गई, जिससे पुलिस आरोपियों तक पहुंच पाई। 13.75 लाख नकद और हथियार जब्त पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस लूट का मास्टरमाइंड योगेश रात्रे था। जिसने दो महीने पहले ही इस वारदात की योजना बनाई थी। आरोपियों के कब्जे से 13 लाख 75 हजार रुपए नकद के अलावा लूट में इस्तेमाल की गई कार, एक चाकू, बेसबॉल स्टिक और पांच मोबाइल जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक अन्य आरोपी सुशील कुर्रे अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
Source link

