जीतपुर नुनुडीह में ब्रेक फेल, कार नाले में गिरी:जामाडोबा से आ रही कार में सवार थे तीन लोग, सभी सुरक्षित बचाए गए
धनबाद स्थित झरिया के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जीतपुर नुनुडीह 7 नंबर के पास देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जामाडोबा की ओर से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। वाहन में सवार तीन लोग इस हादसे में बाल-बाल बच गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार जामाडोबा पेट्रोल पंप की तरफ से बस्ती की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया। चालक ने गाड़ी रोकने के लिए हैंडब्रेक का भी इस्तेमाल किया, लेकिन वह भी काम नहीं किया। सामने से आ रही दूसरी गाड़ी को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन को राइट साइड मोड़ा, जिससे संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे नाले में जा गिरी। कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से कार में सवार तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन को अवगत कराया गया। आज सुबह हाइड्रा मशीन की सहायता से नाले में गिरी कार को बाहर निकाला गया। हालांकि हादसे में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link

