गिरिडीह में तीन कपड़ा दुकानों में लाखों की संपत्ति चोरी:छत के रास्ते घुसे चोर, नगदी और कीमती सामान ले गए; रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग
गिरिडीह शहर के कालीबाड़ी चौक पर बीती रात चोरों ने एक साथ तीन कपड़ा दुकानों को निशाना बनाया। इस घटना से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। चोर कालीबाड़ी चौक स्थित गोविंद टेक्सटाइल, केके फैशन और आरसी ट्रेंड्स फैमिली स्टोर में देर रात घुसे। चोरों ने दुकानों के पीछे की ओर छत की खिड़की व दरवाजा तोड़कर अंदर घुसकर गल्ले में रखी नगदी और अन्य कीमती सामान चुरा लिया। इसके अलावा, आसपास की कई अन्य दुकानों में भी चोरी का प्रयास किया गया। हालांकि वहां चोरों को सफलता नहीं मिली। खिड़की-दरवाजे टूटे हुए थे सुबह जब दुकानदार दुकानें खोलने पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला। दुकानों में सामान बिखरा हुआ था और खिड़की-दरवाजे टूटे हुए थे। एक साथ तीन दुकानों में हुई चोरी से स्थानीय व्यापारियों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। इस संबंध में आरसी ट्रेंड्स के संचालक विभोर कुमार, केके फैशन के संचालक मोहम्मद मकसूद और गोविंद टेक्सटाइल के संचालक के भतीजे गोविंद सिंघानिया ने बताया कि रात में दुकान बंद कर वे सुबह लौटे तो चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। 12 चांदी के सिक्कों की चोरी जानकारी के मुताबिक, गोविंद टेक्सटाइल से पांच लाख रुपए से अधिक की चोरी हुई है। वहीं, आरसी ट्रेंड्स से करीब 50 हजार रुपए नगद और 12 चांदी के सिक्के चोरी हुए हैं। केके फैशन में लगभग एक लाख रुपए की चोरी बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर दुकानों के शटर, काउंटर, गल्ले सहित अन्य स्थानों से उंगलियों के निशान एकत्र किए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। तीन दुकानों में चोरी की गई है, लेकिन मुख्य सड़क की ओर से किसी दुकान का दरवाजा नहीं तोड़ा गया है। सभी चोरी की घटनाएं पीछे की छत के रास्ते अंजाम दी गई हैं। पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी है और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। -ज्ञान रंजन, नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर
Source link

