सिरसा की दो महिला सरपंचों को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित:26 जनवरी को दिल्ली में मिलेगा सम्मान, बोलीं-उनके लिए पहला यह अवसर
सिरसा जिले की दो महिला सरपंचों को 26 जनवरी को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा। ये सम्मान बड़ा गुढ़ा ब्लॉक के फतेहपुरिया नियामत खां गांव की सरपंच सुनीता ढिढारिया और रानियां ब्लॉक के भुना गांव की सरपंच शारदा देवी को दिल्ली में मिलेगा। दोनों सरपंचों को राष्ट्रपति भवन से निमंत्रण प्राप्त हुआ है। फतेहपुरिया नियामत खां की सरपंच सुनीता ढिढारिया ने इस सम्मान पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि उन्हें राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित होने का अवसर मिलने पर अत्यंत प्रसन्नता है। सुनीता ने गांव में शिक्षा के स्तर में सुधार पर विशेष जोर दिया है। फतेहपुरिया नियामत खां में कराए विकास कार्य सरपंच सुनीता के अनुसार, उनके कार्यकाल में गांव की शिक्षा का परिणाम 10% से बढ़कर 98% हो गया है। इसके अतिरिक्त, गांव की टूटी हुई गलियों को पक्का किया गया है और पूरे गांव में सीवरेज पाइपलाइन बिछाई गई है। गांव में एक हर्बल पार्क भी बनाया गया है, जहाँ ग्रामीण घूमने जाते हैं, और पीने के पानी के लिए भी पाइपलाइनें डाली गई हैं। महिलाओं के लिए चलाए 10 स्वयं सहायता समूह रानियां ब्लॉक के भुना गांव की सरपंच शारदा देवी ने भी राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित होने पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि यह उनके लिए पहला अवसर है। शारदा देवी विशेष रूप से महिलाओं के उत्थान के लिए काम कर रही हैं और गांव में 10 स्वयं सहायता समूह चलाकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रही हैं। तीज के त्यौहार पर पंचायत मंत्री से भी सम्मानित हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार यों ही प्रयास करते रहेंगे। उनका कहना है कि गांव में लड़कियों के लिए लाइब्रेरी बनवाई गई लड़कों को नशे से दूर रखने के लिए स्टेडियम की हालात सुधारी गई और स्टेडियम के अंदर युवाओं को खेलने के लिए किड्स वगैरह भी लगातार हमारी तरफ से बांटी जा रही हैं।
Source link

