देवरिया में प्रेम-प्रसंग में युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार:घर से 20 किमी दूर सड़क किनारे फेंका था शव

देवरिया में प्रेम-प्रसंग में युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार:घर से 20 किमी दूर सड़क किनारे फेंका था शव




देवरिया में प्रेम प्रसंग के चलते युवक प्रमोद यादव की गला घोंटकर हत्या की गई थी। शव को घर से करीब 20 किलोमीटर दूर सड़क किनारे फेंक दिया गया था। मदनपुर पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त मफलर, मोबाइल फोन और एक सीएनजी ऑटो बरामद किया है। मामला थाना मदनपुर क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, प्रमोद यादव की हत्या के संबंध में थाना मदनपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पकड़ी तिवारी स्थित शराब भट्ठी के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रामेश्वर विश्वकर्मा पुत्र राजपति निवासी दोहनी, थाना खुखुन्दू; सोनू पासवान पुत्र रामप्रकाश निवासी चकिया शुक्ल, थाना खुखुन्दू तथा गोलू राजभर पुत्र रमाशंकर राजभर निवासी रामनाथ देवरिया, थाना कोतवाली बताया। सड़क किनारे मिला था शव उल्लेखनीय है कि 13 जनवरी 2026 को थाना मदनपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पकड़ी तिवारी में सड़क किनारे एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया। प्रचार-प्रसार के बाद शव की पहचान प्रमोद यादव पुत्र वकील यादव निवासी गौरा बरहज, वार्ड नंबर 23, थाना बरहज, जनपद देवरिया के रूप में हुई। इस मामले में ग्राम चौकीदार की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना में सामने आया प्रेम प्रसंग मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले। जांच में सामने आया कि मृतक प्रमोद यादव और अभियुक्त रामेश्वर विश्वकर्मा की पत्नी के बीच प्रेम संबंध थे। रामेश्वर का ससुराल गौरा बरहज में प्रमोद के घर के पास ही था। इस रिश्ते को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। प्रमोद के न मानने पर रामेश्वर ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। हत्या की रची गई थी साजिश पुलिस पूछताछ में रामेश्वर ने बताया कि 12 जनवरी 2026 को उसने प्रमोद यादव की हत्या की योजना बनाई। इस साजिश में उसने अपने मित्र सोनू पासवान और गोलू राजभर को शामिल किया। योजना के तहत प्रमोद को देवरिया चलने के बहाने घर से निकाला गया। रास्ते में विभिन्न स्थानों से दोनों साथी ऑटो में सवार हुए और शराब भट्ठी के पास तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। गला घोंटकर की गई हत्या अत्यधिक नशे की हालत में प्रमोद को ऑटो में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां रामेश्वर और सोनू ने मफलर से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया, ताकि मामला किसी दुर्घटना जैसा लगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है। मदनपुर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और सघन पूछताछ के आधार पर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस खुलासे के बाद पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है, वहीं प्रेम प्रसंग में हुई इस निर्मम हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!