मंदसौर में गणतंत्र दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल पूरी:16 प्लाटून की परेड, कलेक्टर-एसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मंदसौर में गणतंत्र दिवस के जिलास्तरीय समारोह की तैयारियों के तहत आज (शनिवार) मंदसौर के राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय के क्रीड़ा परिसर में फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल सफलतापूर्वक हुई। यह मुख्य समारोह 26 जनवरी 2026 को सुबह 9 बजे से आयोजित किया जाएगा। पिछले कई दिनों से चल रही परेड और अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर अदिती गर्ग, एसपी विनोद कुमार मीना, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अनुकूल जैन और एडिशनल एसपी तेर सिंह बघेल ने संयुक्त रूप से फाइनल रिहर्सल का अवलोकन किया। अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 16 प्लाटूनों ने परेड का प्रदर्शन किया
फाइनल रिहर्सल में कुल 16 प्लाटूनों ने आकर्षक, अनुशासित और समन्वित परेड का प्रदर्शन किया। परेड की सटीकता और तालमेल ने उपस्थित अधिकारियों को प्रभावित किया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ। कार्यक्रम के दौरान सिविल डिफेंस एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। डिप्टी चीफ वार्डन डॉ. हिमांशु यजुर्वेदी और उनकी टीम ने आमजन को सांप के काटने से बचाव तथा आकाशीय बिजली से सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी और प्रशिक्षण प्रदान किया। इस पहल का उद्देश्य आपदा की स्थिति में नागरिकों को त्वरित और सुरक्षित प्रतिक्रिया के प्रति जागरूक करना था। फाइनल रिहर्सल कार्यक्रम का संचालन डॉ. जे. के. जैन ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Source link

