गुजरात में भीषण सड़क हादसे में 7 राजस्थानियों की मौत:डिवाइडर तोड़कर इनोवा पर पलटा ट्रक; गाड़ी के उड़े परखच्चे, अंदर फंसे शव
गुजरात के बनासकांठा जिले में शनिवार को भीषण सड़क हादसे में राजस्थान के 7 लोगों की मौत हो गई। 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इनोवा के परखच्चे उड़ गए। हादसा अमीरगढ़ तालुका के इकबालगढ़ के पास पालनपुर-आबू हाईवे पर हुआ। रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने इनोवा कार को टक्कर मार दी और पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना पर अमीरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। बनासकांठा एसपी प्रशांत सुम्बे भी मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। पहले देखिए हादसे की 5 तस्वीरें… इनोवा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई
बनासकांठा एसपी प्रशांत सुम्बे ने बताया- इकबालगढ़ के पास हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक (जीजे-19-एक्स-8823 नंबर) रॉन्ग साइड से आ रहा था। उसने सामने से आ रही इनोवा कार (आरजे-22-टीए-3107 नंबर) को टक्कर मार दी और पलट गया। हादसे में इनोवा गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 7 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला
सूचना पर पीआई बी.डी. गोहिल सहित अमीरगढ़ पुलिस का काफिला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी 7 शवों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में रखवाया। हादसे में गंभीर घायल 3 लोगों को इलाज के लिए पालनपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में मरने वाले 6 लोगों की पहचान हुई
एसपी प्रशांत सुम्बे ने बताया- मरने वाले 7 लोगों में से 6 लोगों की पहचान हुई है। मृतकों में इनोवा ड्राइवर प्रकाश कलावंत (36) पुत्र वागाराम निवासी फालना (पाली), मोहम्मद हुसैन, जिन्नत पत्नी मोहम्मद हुसैन, मोहम्मद शरीफ निवासी छावनी गांव, शिवगंज (सिरोही) और दीपक सिंह निवासी आबूरोड (सिरोही) शामिल है। 1 मृतक पिंडवाड़ा (सिरोही) का है। बाकी लोगों की पहचान की जा रही है। एसपी ने कहा- अमीरगढ़ पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्राथमिक जांच में ट्रक ड्राइवर की लापरवाही और रॉन्ग साइड ड्राइविंग को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। इनपुट-: रवि भारद्वाज, आबूरोड
Source link

