करनाल में गिफ्ट का झांसा देकर दुकानदार से लाखों ठगे:फ्रिज गिफ्ट के देने का दिया लालच,साइबर सेल और सीएम विंडो के बाद हुआ मामला दर्ज
करनाल जिले में गिफ्ट और कोल्ड ड्रिंक सप्लाई के नाम पर दुकानदार से ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने फ्रिज गिफ्ट देने का लालच देकर ऑनलाइन भुगतान करवाया और बाद में पैसे लेने से ही इनकार कर दिया। पीड़ित ने पहले साइबर सेल और सीएम विंडो में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर एसपी से गुहार लगाई। अब मामले में मधुबन थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गांव में दुकान पर आया था आरोपी, भरोसा जीतकर लिया सामान
घोगड़ीपुर गांव निवासी टिंकू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि 19 जून 2025 को एक व्यक्ति उसकी दुकान पर आया। उसने खुद को गिफ्ट आइटम और बच्चों का सामान सप्लाई करने वाला बताया। उसी दिन 2500 रुपये का सामान दिया गया। आरोपी ने कहा कि बाकी सामान अगले दिन दुकान पर दे देगा और ऐसा करते हुए वह अगला सामान देकर चला गया। इससे दुकानदार का भरोसा बन गया। कोल्ड ड्रिंक पर फ्रिज गिफ्ट का दिया ऑफर
अगले दिन 20 जून 2025 को आरोपी ने फोन कर कहा कि अगर 14 हजार रुपये की कोल्ड ड्रिंक ली जाए तो कोका कोला कंपनी का फ्रिज गिफ्ट में मिलेगा। इस बात पर भरोसा कर टिंकू कुमार ने स्कैनर के जरिए कुल 12 हजार 880 रुपये भेज दिए। यह भुगतान दो हिस्सों में किया गया, जिसमें 5280 रुपये और 7600 रुपये शामिल थे। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि अगली सुबह तक कोल्ड ड्रिंक और फ्रिज पहुंच जाएगा। फोन पर पैसे से किया इनकार, फिर नंबर किया ब्लॉक
जब अगले दिन सामान नहीं पहुंचा तो पीड़ित ने आरोपी को फोन किया। आरोपी ने साफ कह दिया कि उसके पास कोई पैसा नहीं है और दोबारा फोन न करने को कहा। इसके बाद उसने पीड़ित का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। ठगी का अहसास होने पर दुकानदार ने शिकायत की प्रक्रिया शुरू की। साइबर सेल और सीएम विंडो में शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई
टिंकू कुमार ने 21 जून को साइबर सेल में शिकायत दी। इसके बाद वह कई बार साइबर सेल कार्यालय गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। फिर 08 जुलाई को सीएम विंडो करनाल में भी शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बावजूद राहत न मिलने पर मानसिक परेशानी बढ़ती चली गई। पुलिस अधीक्षक को दरखास्त, मधुबन थाने में केस दर्ज
20 नवंबर को एसपी करनाल को शिकायत दी गई। जिसके बाद शिकायत मधुबन थाना में भेजी गई। जांच के बाद शनिवार की रात को आरोपी के खिलाफ मधुबन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Source link

