कटनी में बिजली कटौती से किसान परेशान:रीठी विद्युत मंडल कार्यालय का किया घेराव, आंदोलन की दी चेतावनी
कटनी जिले के रीठी क्षेत्र में अनियमित बिजली कटौती और खराब ट्रांसफार्मर की समस्या से परेशान किसानों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश सचिव मुकेश यादव के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने देवगांव स्थित मध्य प्रदेश पूर्व विद्युत मंडल कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने कनिष्ठ यंत्री को ज्ञापन सौंपकर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता मुकेश यादव ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रीठी-देवगांव क्षेत्र के किसान और घरेलू उपभोक्ता पिछले कई दिनों से गंभीर बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के गांवों की बिजली काटी जा रही है। यादव ने बताया कि क्षेत्र के कई गांवों में पिछले 15 दिनों से ट्रांसफार्मर जले पड़े हैं। रबी की फसल के लिए यह महत्वपूर्ण समय है, लेकिन पानी की कमी के कारण किसानों को परेशानी हो रही है। कुछ गांवों में बकाया वसूली के नाम पर सामूहिक रूप से बिजली काट दी गई है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। किसानों ने कनिष्ठ यंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में स्पष्ट किया कि यदि समय रहते जले हुए ट्रांसफार्मर नहीं बदले गए और अघोषित बिजली कटौती बंद नहीं हुई, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। मुकेश यादव ने चेतावनी दी कि सरकार और विभाग किसानों के धैर्य की परीक्षा न लें। यदि जल्द ही समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन, चक्का जाम और विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
Source link

