वर्ल्ड अपडेट्स:शबाना महमूद ब्रिटेन की पहली मुस्लिम प्रधानमंत्री बन सकती हैं, कश्मीरी मूल की हैं
एपस्टीन फाइल्स विवाद में अब ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की कुर्सी खतरे में है। लेबर पार्टी ने उनके इस्तीफे की मांग की है। हालांकि स्टार्मर ने इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया है। इस बीच, नए प्रधानमंत्री पद की होड़ में गृह मंत्री शबाना महमूद के साथ ही स्वास्थ्य मंत्री वेस्ट स्ट्रीटिंग और पूर्व उपप्रधानमंत्री अंगेला रेनर का नाम सामने आ रहा है। शबाना महमूद पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के मीरपुर मूल की है। 2025 में गृह मंत्री बनने वाली वह पहली मुस्लिम महिला हैं। अगर वह प्रधानमंत्री बनती हैं, तो ब्रिटेन की पहली मुस्लिम प्रधानमंत्री भी होंगी। ब्रिटेन में एपस्टीन फाइल से जुड़े विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि पीएम स्टार्मर के सबसे भरोसेमंद सहयोगी और डाउनिंग स्ट्रीट के चीफ ऑफ स्टाफ मॉर्गन मैकस्वीनी को इस्तीफा देना पड़ा। मैकस्वीनी पर आरोप है कि उन्होंने यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन का समर्थन करने वाले पीटर मंडेलसन को अमेरिका में ब्रिटेन का राजदूत बनाकर भेजा था। मैकस्वीनी ने कहा कि यह नियुक्ति गलत थी। मैकस्वीनी ने माना कि उन्हें पता था कि मंडेलसन ने जेफ्री एपस्टीन का जेल जाने के बाद भी समर्थन किया था। मंडेलसन पर ये भी आरोप है कि उन्होंने ब्रिटेन के बिजनेस सेक्रेटरी रहते हुए एपस्टीन को मार्केट से जुड़ी संवेदनशील जानकारी शेयर की थी। मैकस्वीनी ने कहा कि इस फैसले से पार्टी, देश और राजनीति पर लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है। वहीं विपक्ष का कहना है पीएम स्टार्मर को मामले की जिम्मेदारी लेकर इस्तीफा देना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… अमेरिका ने बांग्लादेश पर टैरिफ 1% घटाया, कुछ गारमेंट प्रोडक्ट्स पर टैरिफ जीरो करने का वादा भी किया अमेरिका ने बांग्लादेश पर टैरिफ 20% से घटाकर 19% कर दिया है। इसके साथ ही अमेरिका ने कुछ कपड़ा और गारमेंट उत्पादों पर टैरिफ पूरी तरह खत्म करने का वादा किया है। व्हाइट हाउस की ओर से जारी जॉइंट स्टेटमेंट में कहा गया कि अमेरिका बांग्लादेशी उत्पादों पर लगाए गए ‘रेसिप्रोकल टैरिफ’ को 20% से घटाकर 19% कर देगा। ये टैक्स अमेरिका ने व्यापार में असंतुलन और उन तरीकों को लेकर लगाए थे, जिन्हें वह गलत मानता है। पहले अमेरिका ने बांग्लादेश से आने वाले सामान पर 37% टैक्स लगाने की घोषणा की थी। बाद में इसे घटाकर 20% किया गया था। अब नए समझौते के बाद यह टैक्स 19% हो जाएगा। बांग्लादेश के कुल निर्यात में कपड़ा और गारमेंट उद्योग की हिस्सेदारी करीब 80% है। यह उद्योग 2024 में हुए छात्र आंदोलन के बाद प्रभावित हुआ था, जिसमें देश की सरकार गिर गई थी। इसके बाद से यह सेक्टर फिर से संभलने की कोशिश कर रहा है। नए समझौते के तहत अमेरिका एक ऐसी सिस्टम बनाएगा, जिससे बांग्लादेश के कुछ कपड़ा और गारमेंट उत्पादों पर जीरे टैरिफ लगेगा। हालांकि यह सुविधा उन्हीं उत्पादों को मिलेगी, जिनमें अमेरिका से भेजा गया कपास या अन्य कच्चा माल इस्तेमाल किया गया होगा। आंकड़ों के मुताबिक, 2024 में बांग्लादेश ने अमेरिका को 8.4 अरब डॉलर का सामान निर्यात किया, जबकि अमेरिका से बांग्लादेश का आयात 2.2 अरब डॉलर रहा।
Source link

