नगर परिषद ऑपरेटर से मारपीट, जातिसूचक गालियां:समग्र आईडी को लेकर विवाद; पीड़ित ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
झाबुआ की रानापुर नगर परिषद में एक ऑपरेटर के साथ मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज का मामला सोमवार रात सामने आया है। पीड़ित ऑपरेटर गोविंद रमेश गेहलोद ने राजेश अग्रवाल नामक व्यक्ति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। यह घटना समग्र आईडी के प्रिंट को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सोमवार देर रात प्रकरण दर्ज कर लिया है। पीड़ित गोविंद गेहलोद ने अपनी शिकायत में बताया कि सोमवार शाम करीब 6:15 बजे वे कार्यालय में कंप्यूटर पर काम कर रहे थे। इसी दौरान वार्ड नंबर 4, प्रताप गली रानापुर निवासी राजेश पिता कैसरीमलजी अग्रवाल कार्यालय आए और तुरंत समग्र आईडी का प्रिंट निकालने की मांग की। प्रिंट तुरंत नहीं निकालने पर विवाद गोविंद ने राजेश को बताया कि समग्र पोर्टल पर अपडेट होने के 24 घंटे बाद ही प्रिंट निकाला जा सकता है। इस पर आरोपी राजेश अग्रवाल नाराज हो गए और नई समग्र आईडी का प्रिंट तुरंत निकालने का दबाव बनाने लगे। शिकायत के अनुसार, इसके बाद आरोपी ने पीड़ित को गालियां देना शुरू कर दिया। जब पीड़ित ने गालियां देने से मना किया, तो आरोपी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे गोविंद के दाहिने गले और बाईं आंख के नीचे चोटें आईं। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर पीड़ित को अपमानित किया। घटना के समय पीड़ित के चिल्लाने पर कार्यालय में मौजूद हरिश बामनिया और राजु भुरिया मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। जाते-जाते आरोपी ने धमकी दी कि यदि भविष्य में समग्र आईडी नहीं निकाली तो वह जान से खत्म कर देगा। इसके बाद पीड़ित ने अपने अंकल नटवरलाल गेहलोत और राहुल मकवाना को घटना की जानकारी दी और उनके साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी राजेश अग्रवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 296(a), 115(2), 351(3) एवं 3(2)(va) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link

