Surat Family Death | Gas Leak Accident Husband Wife Son
सूरत52 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
गुजरात के सूरत शहर में सोमवार-मंगलवार की रात पति-पत्नी और बेटे की नींद में ही मौत हो गई थी। प्राथमिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चला है कि तीनों की मौत कार्बन मोनोऑक्साइड गैस से हुई थी। पुलिस की जांच में भी सामने आया है कि घर में लगा गीजर रात भर से चालू था।
हालांकि मौतों का सटीक कारण पता करने के लिए शव से ब्लड और विसरा लेकर एफएसएल भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
चार दिन पहले ही सऊदी से सूरत लौटा था परिवार
सोमवार की रात 40 वर्षीय सैयद फैज युसूफ अहमद, उनकी पत्नी मुबीना सैयद (36) और बेटा नोमान (12) घर में सो रहे थे। घटना का पता तब चला, जब सुबह सैयद का भाई उस्मान इनके घर पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद था।
काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर उसे तोड़ दिया गया। अंदर तीनों के शव पड़े थे। परिवार की 14 वर्षीय बेटी फरहीन दादी के यहां थी, इसलिए उसकी जान बच गई। परिवार चार दिन पहले ही सऊदी अरब की धार्मिक यात्रा से लौटा था।
रात में गीजर चलता छोड़ा, वेंटिलेशन नहीं होने से फैली गैस घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी राघव जैन, लालगेट पुलिस थाना के पीआई, अन्य पुलिसकर्मी और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में तीनों के मुंह से झाग निकलता देख पहले जहर के सेवन की आशंका जताई गई और आत्महत्या के पहलू को खंगाला गया।
उसके बाद तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्मीमेर अस्पताल भेज दिया गया। पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट में पता चला कि कार्बन मोनोऑक्साइड गैस सांस के जरिए शरीर में चली गई, जिससे दम घुटने से तीनों की नींद में ही मौत हो गई।
वेंटिलेशन न हो तो 10-20 मिनट में ही जान जा सकती है एक सामान्य बंद कमरे में यदि गैस गीजर या कोई ईंधन जलाने वाला उपकरण चालू हो और वेंटिलेशन नहीं है, तो 10-20 मिनट में ऑक्सीजन घटने लगती है और कार्बन मोनोऑक्साइड भर जाती है। CO खून में ऑक्सीजन की जगह ले लेती है, जिससे व्यक्ति को सांस ही नहीं मिलती।
30-60 मिनट में बेहोशी और 1-2 घंटे में मौत हो सकती है। कार्बन मोनोऑक्साइड से सिरदर्द, चक्कर, उल्टी, नींद और बेहोशी होती है। कई मामलों में नींद में ही दम घुट जाता है। बचाव के लिए जरूरी है कि बाथरूम में गैस गीजर न लगाएं या वेंटिलेशन हो तो लगाएं। -डॉ. संदीप रालोती, फॉरेंसिक विभाग, स्मीमेर अस्पताल
————- ये खबर भी पढ़ें…
हरियाणा में अंगीठी जलाकर स्कॉर्पियो में सोया था, ग्रामीणों ने शीशा तोड़कर बाहर निकाला
बागपत के भट्ठा मालिक की हरियाणा में कार के अंदर दम घुटने से मौत हो गई। बुधवार को अपने ईंट प्लांट पर गया था। रात में ठंड ज्यादा होने के कारण वह स्कॉर्पियो कार में तसले में आग जलाकर सो गया। बृहस्पतिवार सुबह काफी देर तक जब वह नहीं उठा तो भट्ठे पर रहने वाले मजदूर कार के पास पहुंचे। पूरी खबर पढ़ें…

