हाईवे पर चलते सेना ट्रक का फटा टायर:पीछे चल रहा दूसरा सेना ट्रक भिड़ा, हादसे में सैन्य जवान की मौत, दो घायल
सूरतगढ़-बीकानेर नेशनल हाईवे संख्या 62 पर 15 कट पुल से आगे बुधवार शाम एक सड़क हादसे में सेना के एक जवान की मौत हो गई, जबकि दो अन्य सैनिक घायल हो गए। मृतक की पहचान तमिलनाडु निवासी कुमारादास के रूप में हुई है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे सिटी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बहाल करवाया। टायर फटने से हादसा सिटी थाना के हेड कांस्टेबल अशोक कुमार ने बताया कि सेना के वाहनों का काफिला बीकानेर की ओर जा रहा था। इसी दौरान 15 कट पुल से आगे और पीपेरन गांव के बीच रोड़ पर चल रहे एक सैन्य ट्रक का अचानक टायर फट गया। टायर फटने से ट्रक असंतुलित हो गया, जिससे पीछे आ रहा दूसरा सैन्य वाहन बेकाबू होकर उससे जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के केबिन में बैठे जवान कुमारादास गंभीर रूप से घायल होकर अंदर ही फंस गए। केबिन में फंसे जवान की हुई मौत हादसे के बाद सेना के काफिले में हड़कंप मच गया। साथी सैनिकों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे घायल जवान को बाहर निकाला। इस दुर्घटना में दो अन्य सैनिक भी घायल हुए हैं। तीनों घायलों को तुरंत मिलिट्री हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ड्राइवर कुमारादास को मृत घोषित कर दिया। अन्य दोनों जवानों का अस्पताल में इलाज जारी है। हाइड्रा क्रेन से हटवाए वाहन घटना की सूचना मिलते ही सिटी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण हाईवे पर एक बारगी यातायात प्रभावित हो गया था। पुलिस ने एनएचएआई टोल नाके से हाइड्रा क्रेन मंगवाकर दोनों सैन्य वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात सुचारू करवाया। हेड कांस्टेबल अशोक कुमार ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई सेना अधिकारियों द्वारा अपने स्तर पर की जाएगी।
Source link

