अबोहर में युवक की हत्या कर शव जलाया:बॉडी से एक पैर गायब. 9 लाख रुपए और कैंटर लेकर फरार, साथी ड्राइवर पर केस
फाजिल्का जिले में लुधियाना से अबोहर आते समय एक कैंटर ड्राइवर की उसके साथी ने 9 लाख रुपए लूटने के बाद हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को खदानों में फेंककर आग लगा दी गई। नकोदर पुलिस ने अधजला शव बरामद कर लिया है और मृतक के साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक ड्राइवर की पहचान सीतो गुन्नों निवासी प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। इस संबंध में स्थानीय सीतो रोड निवासी चंद्रपाल ने जानकारी दी। चंद्रपाल एसके ट्रेडिंग कंपनी के नाम से फल का व्यापार करते हैं और पूरे पंजाब में फल सप्लाई करते हैं।चंद्रपाल के अनुसार, 9 फरवरी को शाम करीब 6 बजे प्रवीण कुमार एक आयशर कैंटर पर फल लादकर लुधियाना के लिए रवाना हुए थे।
9 लाख लेकर अबोहर हुआ था रवाना 10 फरवरी को प्रवीण कुमार ने श्री बाला जी फ्रूट कंपनी, लुधियाना में कैंटर खाली किया। वहां के मुनीम गब्बर सिंह ने उन्हें 9 लाख रुपए नकद देकर वापस अबोहर के लिए रवाना किया।इसके बाद प्रवीण कुमार सुबह करीब 8 बजे फगवाड़ा से क्रेट लोड करके अबोहर के लिए चले।
ड्राइवर और कैंटर की तलाश इस दौरान पौने 10 बजे उनका फोन बंद हो गया। चंद्रपाल ने बताया कि ड्राइवर का फोन बंद होने पर उन्होंने लुधियाना में अपने मुनीम से संपर्क किया। तब पता चला कि प्रवीण कुमार के साथ उनका पुराना ड्राइवर आजाद सिंह भी था।इसके बाद उन्होंने अपने ड्राइवर प्रवीण और कैंटर की तलाश शुरू की। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से तलाश थाना नकोदर के अंतर्गत आने वाले बाहमीवाला टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पता चला कि उनका कैंटर पुराना ड्राइवर आजाद सिंह अकेला ही ले जा रहा था। इसके बाद उसने प्रवीण के परिजनों सोम प्रकाश और निर्मल कुमार को साथ लेकर ड्राइवर प्रवीण और कैंटर की तलाश शुरू। अधजली मिली लाश इस दौरान उन्हें पता चला कि नकोदर के सेंट्रल सिटी कपूरथला चौक पर मेन हाईवे जालंधर से मोगा के नजदीक खदानों से एक व्यक्ति की अधजली लाश मिली है।मौके पर पहुंच कर उन्होंने शव की पहचान प्रवीण कुमार के रूप में की। जिसके शरीर पर चोटों के गहरे निशान थे उसका एक पैर गायब था जबकि शरीर के नीचे का हिस्सा पूरी तरह से जल चुका था। पुराने ड्राइवर पर हत्या का आरोप चंद्रपाल ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि उसके ही पुराने ड्राईवर आजाद सिंह ने ही प्रवीण की हत्या कर उसके शव को खुर्दबुर्द करने के लिए आग लगा दी और उसका कैंटर तथा 9 लाख रुपए लूट कर फरार हो गया। जिस पर थाना नकोदर पुलिस ने आजाद सिंह खिलाफ बीएनएस की धारा 103, 238, 306 के तहत मुकदमा नं. 26 दर्ज कर आरोपी और कैंटर की तलाश शुरू कर दी। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार इधर नकोदर पुलिस ने प्रवीण के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया और बाद दोपहर सीतो गुन्नों में बेहद ही गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। गांव से पता चला है कि प्रवीण कुमार अविवाहित और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। जबकि उसका पिता गांव में किसी के पास नौकरी करता था। इस घटना के बाद गांव में शोक कर लहर दौड़ गई।
Source link

