बहराइच के सिद्धनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर भक्तों की भीड़:पांडवकालीन मंदिर में उमड़ी आस्था, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बहराइच में महाशिवरात्रि के अवसर पर जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु महादेव की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए लंबी कतारों में खड़े हैं। नगर के प्राचीन सिद्धनाथ मंदिर में भी सुबह से ही महादेव के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा है। मंदिर समिति ने भीड़ प्रबंधन के लिए महिलाओं और पुरुषों हेतु अलग-अलग बैरिकेडिंग की व्यवस्था की है। श्रद्धालु इन बैरिकेडिंग से होते हुए बाबा सिद्धनाथ के गर्भगृह में प्रवेश कर जलाभिषेक कर रहे हैं। भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए मंदिर में प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। देखें, 3 तस्वीरें… मंदिर के महंत रवि गिरी ने बताया कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, अज्ञातवास के दौरान पांडवों ने यहां शिवलिंग की स्थापना कर पूजा-अर्चना की थी। महाशिवरात्रि पर इस प्राचीन मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजन के लिए पहुंचते हैं। पुलिस प्रशासन ने भी मंदिरों के आसपास सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। इसका उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और पर्व के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है।
Source link

