जमशेदपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी:सीटी एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण, कंट्रोल रूम में जाकर कैमरे की व्यवस्था देखी
जमशेदपुर में ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। सीटी एसपी कुमार शिवाशीष ने पुलिस बल के साथ जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने न्यायालय परिसर के तीनों गेटों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया और कंट्रोल रूम में जाकर कैमरे की व्यवस्था देखी। सीटी एसपी ने व्यवहार न्यायालय में तैनात सुरक्षाकर्मियों को कई दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शहर के बड़े संस्थानों सहित सभी प्रमुख स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। कुमार शिवाशीष ने कहा कि न्यायालय परिसर में आने वाले सभी लोगों की उचित जांच की जाएगी और उनका रिकॉर्ड रखा जाएगा। उन्होंने लोगों से घबराने की अपील न करते हुए कहा कि पुलिस ईमेल के जरिए धमकी देने वालों को जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी। पुलिस इस मामले पर काम कर रही है। इस बीच, अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने प्रशासन से कोर्ट की निगरानी बेहतर करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पहले भी न्यायालय परिसर में कई वारदातें हो चुकी हैं, जिससे वकीलों में डर का माहौल रहता है। उन्होंने जिला प्रशासन से बार के बाहर पुलिस अधिकारियों की तैनाती की मांग की।
Source link

