उमरिया में गैस वितरण व्यवस्था बिगड़ी:एजेंसी पर भीड़, 3-4 दिन से खाली सिलेंडर लेकर लौट रहे ग्राहक
उमरिया जिला मुख्यालय में गैस वितरण व्यवस्था चरमरा गई है। शहर की गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, जहां कई लोग तीन से चार दिनों से खाली सिलेंडर लेकर लौट रहे हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा। जिले में कुल 12 गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाते हैं। हालांकि, जिला मुख्यालय की दो प्रमुख एजेंसियों पर ग्राहकों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एनएच-43 स्थित चपहा की एचपी गैस एजेंसी में सुबह से ही लंबी कतारें देखी जा रही हैं, और कई उपभोक्ता घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौट रहे हैं। दो दिन से लग रहा लाइन में उपभोक्ता देवेंद्र प्रजापति ने बताया कि वे लगातार दो दिनों से एजेंसी आ रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक सिलेंडर नहीं मिला है। उनके घर में गैस खत्म हो चुकी है। एक अन्य उपभोक्ता मुकेश प्रजापति ने जानकारी दी कि वे तीन दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार निराश होकर लौटना पड़ रहा है। उमरिया स्थित इंडेन गैस एजेंसी में भी उपभोक्ताओं को इसी तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फोन पर नहीं हो रही बुकिंग उपभोक्ता मयंक सोनी के अनुसार, बुकिंग के लिए फोन नहीं लग रहा है, जिससे समस्या और बढ़ गई है। एजेंसी ऑपरेटर ने बताया कि सर्वर में तकनीकी दिक्कत के कारण गैस वितरण और बुकिंग प्रभावित हो रही है। अधिकारी बोले- सिलेंडर पर्याप्त प्रभारी खाद्य अधिकारी रोहित सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले की सभी 12 गैस एजेंसियों में सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी के कारणों की जांच कराई जाएगी।
Source link

