जालौन में AAP का महंगाई, गैस सिलेंडर कीमतों पर प्रदर्शन:उरई कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
देश में लगातार बढ़ रही महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को उरई स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए आम जनता को राहत देने की मांग की। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष विनय चौरसिया ने ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान समय में देश की जनता लगातार बढ़ती महंगाई से गंभीर रूप से परेशान है और इसका सबसे ज्यादा असर गरीब तथा मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। छोटे व्यापारियों की परेशानियां हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपए और कमर्शियल गैस सिलेंडर में 120 रुपए की बढ़ोतरी से आम लोगों के साथ-साथ छोटे व्यापारियों की परेशानियां भी बढ़ गई हैं। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे कारोबारियों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि देश के कई हिस्सों से चिंताजनक आंकड़े सामने आ रहे हैं। मुंबई में लगभग 20 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं और करीब 50 प्रतिशत तक बंद होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं तमिलनाडु में लगभग 10 हजार होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर हैं, जबकि पंजाब और दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में हजारों छोटे कारोबार प्रभावित हो रहे हैं। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि गुजरात के मोरबी में करीब 650 उद्योगों में से लगभग 170 उद्योग बंद हो चुके हैं, जिससे लगभग एक लाख लोगों के बेरोजगार होने की बात सामने आई है। विशेषज्ञों के अनुसार इस स्थिति के चलते देशभर में करीब एक करोड़ लोगों के बेरोजगार होने की आशंका है। आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और ऊर्जा आपूर्ति से जुड़े मुद्दों के बावजूद सरकार की नीतियों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
Source link

