बाइक से ट्रक टच होने पर ड्राइवर पर हमला, मौत:6KM तक पीछा कर सामने से फेंका पत्थर; खलासी ने लोगों से मांगी मदद
बालोतरा में तेज रफ्तार ट्रक मोड़ पर एक बाइक सवार से टच हो गया। हादसे में बाइक सवार को चोट नहीं आई, लेकिन विवाद बढ़ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने मामला शांत करवाया। लेकिन गुस्साए बाइक सवार दोनों युवकों ने करीब 6 किलोमीटर तक ट्रक का पीछा किया। फिर सुनसान जगह पर ट्रक पर आगे से पत्थर फेंका, जो कांच तोड़ते हुए ड्राइवर को लगा। घटना में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। साथी खलासी ने सड़क पर गुजर रहे लोगों से मदद मांगी। घटना बालोतरा जिले के गुड़ामालानी रोड पर खरड़ गांव में आज रात करीब 8 बजे की है। सूचना पर मौके पर पहुंची धोरीमन्ना पुलिस ने आरोपी बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है। घुमाव पर टच हुआ तो बाइक सवार युवक गुस्सा हुए
जानकारी के अनुसार- ईसरोल निवासी ट्रक ड्राइवर विशनाराम(40) बाड़मेर से गाड़ी खाली कर अपने ससुराल लोहरवा की तरफ जा रहा था। नेशनल हाईवे 68 से गुड़ामालानी रोड की तरफ घुमाने के दौरान एक बाइक सवार से ट्रक टच हो गया। इससे बाइक पर सवार दोनों युवकों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। लेकिन दोनों ट्रक ड्राइवर से उलझ पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने मामला शांत करवाया। बाइक से 6 किलोमीटर तक पीछा कर हमला किया
हालांकि शांति बनने के बाद ड्राइवर विशनाराम गुड़ामालनी में अपनी ससुराल के लिए रवाना हो गया। लेकिन गुस्साए बाइक सवार दोनों युवकों ने करीब 6 किलोमीटर तक ट्रक का पीछा किया। सुनसान जगह पर बड़ा पत्थर सामने से ट्रक के कांच पर मारा, जो कांच तोड़ते हुए सीधे ड्राइवर विशनाराम को लगा। उसकी गर्दन पर लगते ही ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से घबराए साथी खलासी ने सड़क से गुजर रहे लोगों से मदद की गुहार लगाई। सूचना पर धोरीमन्ना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए और घटना का विरोध किया। मृतक ड्राइवर के परिजन भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। थानाधिकारी बोले- हमलावरों की तलाश कर रहे हैं
धोरीमन्ना थानाधिकारी दीपसिंह ने बताया कि मौके पर पुलिस जाप्ता मौजूद है। स्थिति को देखते हुए परिजन और ग्रामीणों से समझाइश की जा रही है। हमलावारों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल मौके पर एएसपी नितेश आर्य, डीएसपी सुखराम विश्नोई और धोरीमन्ना थानाधिकारी दीपसिंह समेत पुलिस जाब्ता तैनात है। इनपुट : दिनेश ढाका
Source link

