बर्फबारी के बाद मनाली से अटल टनल तक भारी जाम:ओवरटेकिंग ने बढ़ाई समस्या, पुलिस ने चालान काट कर संभाली व्यवस्था
शनिवार को अटल टनल के साउथ और नॉर्थ पोर्टल पर हुई ताजा बर्फबारी के बाद, रविवार सुबह मनाली पहुंचे पर्यटकों की भीड़ ने सोलंगनाला होते हुए अटल टनल का रुख किया। अत्यधिक वाहनों की संख्या के कारण सुबह से ही मनाली के नेहरूकुंड से लेकर अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल तक कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। गाड़ियां कछुआ गति से आगे बढ़ रही थीं, लेकिन ट्रैफिक नियमों को तोड़कर ओवरटेक करने वाले वाहन चालकों ने सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। इन बेलगाम चालकों की वजह से पुलिस को ट्रैफिक नियंत्रण में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, मनाली पुलिस ने इस रूट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर रखा है, फिर भी लंबा ट्रैफिक जाम बना रहा। पुलिस ने ट्रैफिक तोड़ने पर की कार्रवाई ट्रैफिक जाम में फंसे लाहौल निवासी प्रेम ठाकुर ने बताया कि वह सुबह 9 बजे नेहरूकुंड से चले थे, लेकिन दोपहर 2 बजे तक भी अटल टनल नहीं पहुंच पाए थे। सोलंगनाला के पास ट्रैफिक जाम में फंसे किसी व्यक्ति द्वारा ट्रैफिक नियमों को तोड़ते हुए ओवरटेक करने का एक वीडियो पुलिस को भेजा गया। इस पर मनाली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले 5 वाहनों का 11 हजार रुपए का चालान किया। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि अटल टनल की ओर ट्रैफिक फ्लो अधिक है और ऊपर से ओवरटेक करने वाले वाहनों की वजह से ज्यादा ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों का चालान किया गया है और यह कार्रवाई इसी तरह जारी रहेगी। डीएसपी ने यह भी बताया कि पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था बनाने की पूरी कोशिश कर रही है।
Source link

