तांतनगर में अवैध शराब मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़:उत्पाद विभाग ने 153 लीटर तैयार शराब, नकली स्टिकर जब्त किए
पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर थाना क्षेत्र के छोटा कोयता गांव में उत्पाद विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। यह अवैध कारोबार गांव के एक सुनसान इलाके में स्थित खपरैल घर में संचालित किया जा रहा था। यहां शराब बनाने के साथ-साथ उसकी पैकेजिंग भी की जाती थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से भारी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद की। जब्त सामान में लगभग 153 लीटर तैयार शराब, 17 पेटी भरी हुई बोतलें, बड़ी संख्या में खाली बोतलें और विभिन्न ब्रांड के नकली स्टिकर शामिल हैं। इस मिनी फैक्ट्री में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब तैयार कर उसे नकली लेबल लगाकर बाजार में बेचा जा रहा था। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा था और लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा था। छापेमारी की भनक लगते ही फैक्ट्री संचालक और अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। टीम ने मौके से सभी अवैध सामान जब्त कर लिया है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उत्पाद विभाग ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link

