रोहतक में बाबा साहेब की प्रतिमा तोड़ने का मामला:अस्थाई तौर पर रखी नई मूर्ति को अनावरण का इंतजार, 12 दिन से धरने पर ग्रामीण
रोहतक के ब्लॉक कलानौर के गांव खैरड़ी में डॉ. भीम राव अंबेडकर को तोड़ने वाले आरोपियों को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई, जिसके कारण ग्रामीणों ने नई प्रतिमा को ना तो स्थापित होने दिया और ना उसका अनावरण करने दिया। ऐसे में नई प्रतिमा अपने निर्धारित स्थान पर रखी तो है, लेकिन अनावरण का इंतजार कर रही है। कलानौर के गांव खैरड़ी में सद्भावना स्थल पर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर व सर छोटूराम की प्रतिमा लगी हुई है। 8 अप्रैल की रात करीब 10 बजे कुछ शरारती तत्वों ने आपसी भाईचारे को खराब करने के लिए बाबा साहेब की प्रतिमा को खंडित कर दिया, जिसके कारण ग्रामीणों में रोष है। बाबा साहेब की प्रतिमा खंडित होने की सूचना ग्रामीणों को लगी तो सभी एकत्रित हो गए और विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस व ग्रामीणों के बीच तनाव की स्थिति भी पैदा हो गई। ग्रामीणों ने प्रतिमा तोड़ने के विरोध में धरना भी शुरू कर दिया। समाज के लोगों ने बाबा साहेब की जयंती भी नहीं मनाई और 12 दिन से धरना दे रहे हैं। प्रतिमा को अस्थाई तौर पर रखा
धरने पर बैठे गुरु रविदास सभा के प्रधान प्रदीप कुमार ने बताया कि पंचायत की तरफ से जिला प्रशासन के दबाव में बाबा साहेब की नई प्रतिमा सद्भावना स्थल पर रखी हुई थी, जिसे लगाने का प्रयास किया गया। लेकिन समाज ने मूर्ति लगाने से इनकार कर दिया और कहा कि जब तक आरोपी पकड़ा नहीं जाएगा, तब तक मूर्ति का अनावरण नहीं करेंगे। प्रतिमा को अस्थाई तौर पर रखा गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक नहीं करेंगे अनावरण
सद्भावना स्थल पर प्रधान प्रदीप कुमार ने कहा कि जब तक पुलिस बाबा साहेब की प्रतिमा को खंडित करने वाले आरोपियों को पकड़कर ग्रामीणों के सामने पेश नहीं करेगी, तब तक धरना जारी रहेगा। प्रतिमा का अनावरण तब तक नहीं होने देंगे। कुछ लोग माहौल बिगाड़ने का प्रयास भी कर रहे हैं, जिसे सहन नहीं किया जाएगा। आरोपियों को पकड़ने का एसपी ने दिया था आश्वासन
गुरु रविदास सभा के प्रधान प्रदीप कुमार ने बताया कि 8 अप्रैल को बाबा साहेब की प्रतिमा को तोड़ा गया था। इस मामले में एससी समाज के लोगों ने एसपी से मिलकर आरोपियों को पकड़ने की मांग की थी। एसपी ने आश्वासन दिया था कि जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। इसके लिए पुलिस की 4 टीम काम कर रही है। लेकिन 12 दिन हो गए, आरोपी अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
Source link

