Bihar JEE Main Topper Shubham Secures 100 Percentile, All India Rank 6

Bihar JEE Main Topper Shubham Secures 100 Percentile, All India Rank 6


गयाजी5 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने JEE मेन 2026 (सेशन-1 और सेशन-2) का संयुक्त परिणाम जारी कर दिया है। इस परीक्षा में गया के शुभम कुमार ने बिहार टॉप किया है।

शुभम ने 100 पर्सेंटाइल हासिल करते हुए पूरे देश में छठा स्थान प्राप्त किया है। पहले सेशन में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा था, और अब फाइनल रिजल्ट में उन्होंने कमाल कर दिखाया है।

शुभम कुमार अब अपने अगले लक्ष्य JEE Advanced की तैयारी में जुट गए हैं। उनका सपना IIT मुंबई से कंप्यूटर साइंस में दाखिला लेना है।

कुल 26 कैंडिडेट्स ने 100 परसेंटाइल हासिल किया है लेकिन इसमें एक भी महिला कैंडिडेट शामिल नहीं हैं। सभी फुल स्‍कोरर्स लड़के हैं। NTA ने ये भी बताया है कि कुल 2,50,182 छात्र JEE Advanced के लिए योग्य हुए हैं।

माता-पिता के साथ शुभम कुमार(फाइल तस्वीर)

परिवार का बहुत सहयोग मिला

गया के शुभम कुमार ब्रिटिश इंग्लिश स्कूल के छात्र रहे हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों को दिया। शुभम ने बताया कि रिजल्ट देखने के बाद सबसे पहले उन्होंने यह खुशखबरी अपने माता-पिता को दी।

उनके पिता शिव कुमार हार्डवेयर व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि मां कंचन देवी गृहिणी हैं। परिवार का भरोसा और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा। उन्होंने अपनी तैयारी को पूरी तरह कॉन्सेप्ट आधारित बताया।

शुभम के अनुसार, वे नियमित टाइम-टेबल के अनुसार पढ़ाई करते थे और कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देते थे। तैयारी के दौरान मॉक टेस्ट और लगातार रिवीजन उनकी प्रमुख रणनीति रही। वे रोजाना करीब 10 से 12 घंटे पढ़ाई करते थे।

उन्होंने कहा, “24 घंटे पढ़ने की जरूरत नहीं होती, बल्कि सही रणनीति और निरंतर अभ्यास जरूरी है। बीच-बीच में ब्रेक लेकर खुद को तरोताजा रखते थे।” उन्हें कोचिंग संस्थान की ओर से 100% स्कॉलरशिप भी मिली थी।

CM सम्राट ने दी बधाई

शुभम के बिहार टॉपर बनने के बाद CM सम्राट ने बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया X पर लिखा,

QuoteImage

गयाजी जिले के शुभम कुमार द्वारा JEE मेन 2026 में राज्य में शीर्ष स्थान प्राप्त करना पूरे बिहार के लिए गर्व का क्षण है। उनकी यह उपलब्धि समर्पण, कठोर परिश्रम और उत्कृष्टता का प्रतीक है। शुभम कुमार सहित सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं। आप सभी की यह सफलता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है, आप यूं ही प्रदेश और राष्ट्र का नाम रोशन करते रहें।

QuoteImage

NTA स्कोर के आधार पर रिजल्ट

NTA के अनुसार, पेपर-1 के लिए कुल 16,04,854 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 15,38,468 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। NTA ने JEE मेन के फाइनल रिजल्ट के साथ ही JEE Advanced 2026 के लिए कैटेगरी-वाइज कट-ऑफ भी जारी कर दी है।

दोनों सेशन में शामिल अभ्यर्थियों के बेस्ट NTA स्कोर के आधार पर फाइनल रिजल्ट तैयार किया गया है। कट-ऑफ के मुताबिक, सामान्य वर्ग के लिए 93.41 पर्सेंटाइल तय की गई है। इस आधार पर 96,873 अभ्यर्थी JEE Advanced के लिए योग्य घोषित किए गए हैं।

आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) में 82.41 पर्सेंटाइल पर 25,009, ओबीसी वर्ग में 80.92 पर्सेंटाइल पर 67,597 अभ्यर्थियों ने क्वालिफाई किया है। SC कैटेगरी के लिए 63.91 पर्सेंटाइल पर 37,522 और ST कैटेगरी के लिए 52.01 पर्सेंटाइल पर 18,790 अभ्यर्थी सफल हुए हैं।

वहीं, दिव्यांग श्रेणी में 0.0023 पर्सेंटाइल के साथ 4,391 अभ्यर्थियों को पात्र माना गया है। सभी श्रेणियों को मिलाकर कुल 2,50,182 अभ्यर्थी JEE Advanced 2026 के लिए योग्य घोषित किए गए हैं।

NTA ने स्पष्ट किया है कि तय कट-ऑफ के भीतर आने वाले अभ्यर्थी ही एडवांस्ड परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे। एडवांस्ड में सफल अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर देश के प्रमुख भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) में दाखिला मिलेगा।

दोनों सेशंस मिलाकर कुल 26 टॉपर्स

दोनों सेशंस में मिलाकर कुल 26 स्‍टूडेंट्स ने 100 पर्सेंटाइल स्‍कोर किया है। 100 पर्सेंटाइल स्कोर पाने वालों में सबसे ज्यादा 5-5 स्टूडेंट्स आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से हैं।

इसके बाद राजस्थान से 4, दिल्ली से 3 और महाराष्ट्र और हरियाणा से 2-2 स्टूडेंट्स शामिल हैं। वहीं चंडीगढ़, बिहार, तमिलनाडु, ओडिशा और गुजरात से एक-एक छात्र ने यह उपलब्धि हासिल की है।

पहले सेशन में भी 13 लाख ने परीक्षा दी

एनटीए ने JEE Main सेशन 1 एग्जाम का आयोजन 21 से लेकर 29 जनवरी तक किया था। इसमें 13 लाख से अधिक स्टूडेंट्स ने भाग लिया था।स्टूडेंट्स ऑफिशियल वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर रिजल्ट चेक कर सकते हैं। परीक्षा में भाग लेने वाले छात्र एप्लीकेशन नंबर, पासवर्ड दर्ज करके स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!