NDPS Case: Rs 93 Lakh Assets Attached
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ में करीब 93 लाख रुपए की संपत्ति अटैच की है। यह कार्रवाई NDPS एक्ट के तहत जम्मू के बाग-ए-बाहु थाना में दर्ज एक मामले से जुड़ी है।
.
पुलिस के मुताबिक यह मामला 14 जनवरी 2026 का है। उस दिन जम्मू के नरवाल स्थित राजीव नगर निवासी अरुण सिंह को नाका चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 5.61 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। इसके बाद NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया ड्रग नेटवर्क
जांच के दौरान पुलिस को ड्रग्स तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जानकारी मिली। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस की टीम चंडीगढ़ पहुंची, जहां अरुण सिंह के भाई और सह-आरोपी ऋषि सिंह के रहने की जानकारी मिली।
पुलिस जांच में सामने आया कि सेक्टर-38A स्थित एक रिहायशी मकान कथित तौर पर ड्रग्स कारोबार से कमाए गए पैसों से खरीदा गया था।
नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत सख्ती
जम्मू-कश्मीर पुलिस इन दिनों 100 दिन के नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत लगातार एंटी-ड्रग ऑपरेशन चला रही है। अभियान की शुरुआत के दौरान ड्रग तस्करों और नशा कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई का ऐलान किया था।
इन कार्रवाइयों में आधार कार्ड, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने के साथ-साथ ड्रग्स कारोबार से अर्जित संपत्तियों को अटैच करना भी शामिल है।

