मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में शुरू होगा स्पोर्ट्स जर्नलिज्म डिप्लोमा:मेरठ में खेल उद्योग के लिए तैयार होंगे नए प्रोफेशनल्स

मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में शुरू होगा स्पोर्ट्स जर्नलिज्म डिप्लोमा:मेरठ में खेल उद्योग के लिए तैयार होंगे नए प्रोफेशनल्स




मेरठ के सलावा स्थित मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय ने आगामी शैक्षणिक सत्र से स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा शुरू करने की घोषणा की है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह पाठ्यक्रम खेल पत्रकारिता, ब्रॉडकास्टिंग, डिजिटल कंटेंट निर्माण, कमेंट्री, जनसंपर्क और खेल संचार के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए करियर अवसर उपलब्ध कराएगा।
सोमवार को सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्रौद्योगिकी महाविद्यालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत ने कहा कि खेल उद्योग के तेजी से विस्तार के साथ प्रशिक्षित खेल संचारकों और मीडिया पेशेवरों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में यह पाठ्यक्रम युवाओं को रोजगारोन्मुखी अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि मेरठ देश की स्पोर्ट्स सिटी के रूप में पहचान रखता है और यहां बड़ी संख्या में खेल सामग्री निर्माण इकाइयां संचालित हैं। इस कारण खेल संचार और मीडिया से जुड़े विशेषज्ञों की आवश्यकता भी तेजी से बढ़ रही है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य ऐसी नई पीढ़ी तैयार करना है जो खिलाड़ियों की उपलब्धियों को समाज तक पहुंचाने और खेल संस्कृति को मजबूत करने में भूमिका निभा सके। कुलपति ने बताया कि आगामी सत्र में बीपीईएस, बीएससी योग, एमएससी योग और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन पीजी डिप्लोमा में प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा स्कूल ऑफ कोचिंग के तहत एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, इक्वेस्ट्रियन, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती और योग में पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव है। उन्होंने सलावा परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों और शिक्षकों व प्रशिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय को खेल शिक्षा, कोचिंग, खेल विज्ञान, अनुसंधान और खेल प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!