बेमेतरा हत्याकांड…पत्नी ने की पति की हत्या:रोज की प्रताड़ना से परेशान थी, गला दबाकर और मूसल से वार कर मार डाला

बेमेतरा हत्याकांड…पत्नी ने की पति की हत्या:रोज की प्रताड़ना से परेशान थी, गला दबाकर और मूसल से वार कर मार डाला




बेमेतरा जिले में अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया है कि इसमें किसी बाहरी व्यक्ति का हाथ नहीं, बल्कि मृतक की 26 वर्षीय पत्नी का ही नाम सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी कैलाशी बाई कोठारी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। यह मामला साजा थाना क्षेत्र के ग्राम करमतरा का है। पुलिस के मुताबिक, ग्राम करमतरा निवासी अमेरिका दास कोठारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके बड़े बेटे हरीचंद कोठारी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। 5 जून की रात करीब 2 बजे हरीचंद की पत्नी कैलाशी बाई ने फोन कर बताया कि हरीचंद की तबीयत खराब है और वह घर की छत पर पड़े हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, तो हरीचंद मृत अवस्था में मिला। मृतक के गर्दन पर गहरे चोट के निशान मिले थे, वहीं सिर के पिछले हिस्से में किसी भारी चीज से वार किए जाने के भी निशान थे। खून भी सूख चुका था। मामले की गंभीरता को देखते हुए साजा थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। डीआईजी रामकृष्ण साहू के निर्देश और एसपी हरीश कुमार यादव व एसडीओपी विनय कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रोशन लाल टोंडे के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने मामले की जांच शुरू की और घटनास्थल के साथ-साथ हालात का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच में किसी बाहरी व्यक्ति के आने-जाने के सबूत नहीं मिले, जिसके बाद पुलिस को शक मृतक की पत्नी पर गया। पूछताछ में टूटी आरोपी, पुलिस ने कैलाशी बाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि उसका पति हरीचंद अक्सर निजी बातों को लेकर विवाद करता था और मारपीट भी करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसने पति की हत्या की योजना बनाई। घटना वाली रात हरीचंद के सो जाने के बाद पहले उसका गला दबाया और फिर घर में रखे लोहे के मूसल से सिर और गर्दन पर 3-4 बार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या में इस्तेमाल मूसल बरामद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का मूसल तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, त्वरित जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!