भोपाल के सेल्समैन ने ग्वालियर में लगाई फांसी:पत्नी से कलह के बाद धर्मशाला में की आत्महत्या
ग्वालियर में भोपाल की एक मार्केटिंग कंपनी के सेल्समैन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कोलार रोड, भोपाल निवासी 48 वर्षीय अमित सिंह पिता कैलाश सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी से कलह चल रही थी, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम धर्मशाला की है। जानकारी के अनुसार, अमित सिंह 17 जून को भोपाल से आकर महाराज बाड़ा स्थित श्रीराम धर्मशाला में ठहरे थे। धर्मशाला के कर्मचारियों ने बताया कि अमित को पिछली रात 9 बजे तक बाहर टहलते देखा गया था, जिसके बाद वह नजर नहीं आए। धर्मशाला में प्रतिदिन किराया जमा कराने का नियम है। शाम तक जब अमित सिंह ने रिसेप्शन पर आकर किराया जमा नहीं कराया, तो एक कर्मचारी को उनके कमरे पर भेजा गया। कर्मचारी ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन जब काफी देर तक गेट नहीं खुला तो उसे संदेह हुआ। कर्मचारी ने कमरे के वेंटिलेशन से झांककर देखा तो अमित सिंह पंखे से लटके हुए थे। धर्मशाला कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अमित ने बेडशीट फाड़कर फंदा बनाया था और उसी से पंखे से लटक गए थे।
Source link

