लोगों की समस्याओं का समाधान करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : विधायक
भास्कर न्यूज|कटकमदाग प्रखंड कार्यालय परिसर में हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद की ओर से जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनना था। त्वरित और प्रभावी समाधान की दिशा में पहल करना भी लक्ष्य था। जनता दरबार में प्रखंड क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। उन्होंने अपनी विभिन्न समस्याएं विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखीं। कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला परिषद सदस्य सह कटकमदाग विधायक प्रतिनिधि प्रियंका कुमारी के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान भी सुनिश्चित किया जाएगा। इसी उद्देश्य से आगे भी जनता दरबार नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। जनता दरबार में ग्रामीणों ने मुख्य रूप से भूमि संबंधी विवाद, म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, भूमि की रसीद निर्गत करने, सड़क निर्माण, नाली निर्माण, बिजली आपूर्ति में सुधार, राशन कार्ड, आवास, पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों पर अपनी बातें रखीं। उन्होंने आवेदन भी जमा किए। इस दौरान कई समस्याओं के समाधान पर सुनवाई की गई। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने विभिन्न पंचायतों में अधूरी पड़ी विकास योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने की मांग रखी। लुटा में तीन-चार वर्षों से बंद भूमि संबंधी काम शुरू कराने की मांग भी रखी। प्रखंड के पदाधिकारियों के आवासीय परिसर में न रहने से जुड़े अन्य मुद्दे भी उठाए गए। संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने का आश्वासन दिया। नियमानुसार कार्रवाई करने की बात भी कही। इस मौके पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करें। निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी को समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा। विधायक जनसेवा कार्यालय का उद्घाटन : प्रखंड कार्यालय परिसर में विधायक प्रदीप प्रसाद ने अपने विधायक जनसेवा कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। विधायक ने कहा कि जनसेवा कार्यालय की स्थापना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की जनता को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक सुलभ, प्रभावी और भरोसेमंद मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अब आम नागरिक बिना किसी कठिनाई के अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव इस कार्यालय के माध्यम से रख सकेंगे। इनके त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। लोगों ने जनता दरबार की इस पहल की सराहना की जनता दरबार में सीओ सत्येंद्र नारायण पासवान, बीडीओ शिव बालक प्रसाद, प्रमुख कुमारी बिनीता, जिप सदस्य जीतन राम, उप प्रमुख सह मंडल अध्यक्ष विमल गुप्ता, मुखिया संघ अध्यक्ष राजेश गुप्ता, भाजपा के वरिष्ठ नेता के.पी. ओझा, इंद्र नारायण कुशवाहा, पूर्व मंडल अध्यक्ष अरुण कुमार राणा, कविन्द्र यादव, राजेश ठाकुर, मुखिया मधु रानी, परमेश्वर गोप, पूर्व मुखिया पिंटू रानी, कामेश्वर दास, कौलेश्वर रजक, चौधरी प्रसाद, सुमन राय, दिलीप साहू, पंडल यादव, सौरभ प्रकाश सिन्हा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। उपस्थित लोगों ने जनता दरबार की इस पहल की सराहना की। उन्होंने विधायक के प्रति अपना भर व्यक्त किया।
Source link

