नारनौल में बंद स्टोन क्रेशर में मिला मजदूर का शव:ग्रामीणों व परिजनों ने किया हंगामा, होद में पड़ी डेडबॉडी, पुलिस बोली नहीं निकालने दे रहे
हरियाणा के नारनौल में निजामपुर थाना के गांव खातौली अहीर स्थित एक बंद स्टाेन क्रेशर में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी मजदूर के रूप में हुई है, जो काफी दिनों से यहां काम करता था। वहीं इस घटना के बाद परिजनों ने क्रेशर पहुंचकर हंगामा किया। बीती रात को गांव खातोली अहीर स्थित श्री गणेश स्टोन क्रेशर में उत्तर प्रदेश के रहने वाले 47 वर्षीय बाबू राम का शव स्टोन क्रेशर के कन्वेयर सिस्टम के होद में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। लोगों ने किया हंगामा बाबूराम का शव क्रेशर में मिलने की सूचना पर उसके गांव खातोली अहीर के ग्रामीण व आसपास के अन्य लोग तथा क्रेशर पर काम करने वाले प्रवासी मजदूर भी क्रेशर पर एकत्र हो गए। जहां पर उन्होंने हंगामा कर दिया तथा इंसाफ की मांग की। दस माह से बंद पड़ा इस बारे में गांव खातोली अहीर के वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि यह क्रेशर दस से 12 महीनाें से बिजली का पांच से दस लाख रुपए का बिल बकाया होने के कारण बंद पड़ा हुआ है। इसलिए होद में करंट जाने का सवाल ही नहीं है, जबकि पुलिस कह रही है कि करंट से मौत हुई है। क्रेशर पर किसने बुलाया वहीं यूपी के रहने वाले प्रवासी मजदूरों का कहना था कि बाबू राम को क्रेशर मालिकों ने ही बुलाया। जिसके बाद उसकी किसी वजह से हत्या कर दी गई। उन्हाेंने कहा कि यह हादसा गुरुवार शाम का ही है, जबकि सूचना देर रात मिली है। मजदूरों का कहना है कि बाबू राम की मौत सामान्य हादसा नहीं हो सकती और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मौके पर पहुंची पुलिस स्थिति को देखते हुए निजामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है, ताकि मौत के कारणों का सही पता लगाया जा सके। नहीं निकालने दे रहे डेडबॉडी इस बारे में निजामपुर थाना प्रभारी धर्मसिंह ने बताया कि पुलिस को रात को ढाई बजे सूचना मिली कि एक शव गणेश स्टोन क्रेशर के होद में पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि पुलिस शव को निकालकर उसका पोस्टमार्टम करवाना चाह रही है, मगर ये लोग शव को होद से नहीं निकालने दे रहे तथा इंसाफ की मांग कर रहे हैं। इस पर उन्हाेंने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया है, मगर अभी भी लोग नहीं मान रहे, जब तक डेडबॉडी को बाहर नहीं निकाला जाता, तब तक आगामी कार्रवाई नहीं की जा सकती।
Source link

