देवसर बाजार में राखड़ से भरा डंपर पलटा:मशीनरी दुकान को लाखों का नुकसान; चालक वाहन छोड़कर फरार
सिंगरौली जिले के देवसर मुख्य बाजार में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। नेशनल हाईवे-39 पर पूर्वी बाईपास के पास राखड़ से भरा एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में मशीनरी दुकान के बाहर रखा लाखों रुपए का सामान डंपर की चपेट में आ गया। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, CG 15 EE 5449 नंबर का डंपर सिंगरौली से राखड़ लेकर सीधी की ओर जा रहा था। देवसर बाजार में तिवारी मशीनरी दुकान के सामने अचानक संतुलन बिगड़ने से डंपर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में दुकान के बाहर रखा मशीनरी का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। जियावान थाना प्रभारी शेषनारायण द्विवेदी ने बताया कि डंपर सड़क किनारे रखे मशीनरी के सामान पर पलटा है। यदि वाहन कुछ फीट आगे बढ़कर दुकान या उससे लगे मकान पर पलटता, तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था। फरार चालक की तलाश, मामला दर्ज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे-39 पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद सुचारु कराया। भारी वाहनों की रफ्तार पर उठे सवाल घटना के बाद स्थानीय लोगों ने देवसर बाजार से गुजरने वाले भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताई। उन्होंने बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने, नियमित निगरानी और प्रभावी यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
Source link

