महिला वेश में लौट रहे कलाकार को बच्चा चोर समझा:हाथ-पैर बांधकर पीटा, वीडियो वायरल होने पर पुलिस जांच में जुटी
सिंगरौली जिले के जियावन थाना क्षेत्र के गौरबा गांव में एक लोक कलाकार को बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने पीट दिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और मारपीट की। घटना रविवार की है, लेकिन मंगलवार को इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की है। कार्यक्रम से लौट रहे कलाकार पर टूट पड़े ग्रामीण पीड़ित कलाकार चितरंगी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह एक नाच-गाने के कार्यक्रम से अपने बच्चों के साथ घर लौट रहा था। कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के कारण उसने महिला वेशभूषा में साड़ी पहन रखी थी। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझ लिया और बिना पुष्टि किए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। ग्रामीणों पर आरोप है कि उन्होंने कलाकार के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और उसकी बेरहमी से पिटाई की। परिजनों ने बताया- बच्चा नहीं, अपना बेटा साथ था घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित के परिजन छोटेलाल कोल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि जिस व्यक्ति को बच्चा चोर समझा जा रहा है, वह एक लोक कलाकार है और उसके साथ मौजूद बच्चा उसका अपना ही है। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। रविवार को हुई इस घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। पुलिस का पक्ष जियावन थाना प्रभारी शेषनारायण द्विवेदी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित को थाने बुलाया गया है। यदि वह लिखित शिकायत देता है तो मारपीट करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शिकायत नहीं देने की स्थिति में भी उसका लिखित बयान दर्ज किया जाएगा। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link

