भिवानी के जवान का दिन का दौरा पड़ने से निधन:राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, 2012 में ज्वाइन की थी SSB
भिवानी जिले के गांव नांगल निवासी सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 43वीं बटालियन में तैनात जवान सोनू कुमार का ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ने से असामयिक निधन हो गया। जवान की पार्थिव देह जब उनके पैतृक गांव नांगल पहुंची, तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को गांव के शमशान घाट में सैन्य व प्रशासनिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। जहां अनेक ग्रामीणों, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। एसएसबी के सब इंस्पेक्टर हमीर सिंह ने बताया कि सोनू कुमार बटालियन में कांस्टेबल पद पर निष्ठा और लग्न से अपनी सेवाएं दे रहे थे। ड्यूटी के दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। एसएसबी परिवार इस दुख की घड़ी में पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। विभाग के नियमानुसार मिलने वाली पेंशन और अन्य सभी अनुग्रह सुविधाएं परिवार को जल्द से जल्द उपलब्ध करवाई जाएंगी। प्रशासन ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया
भिवानी के तहसीलदार जयवीर सिंह ने बताया कि प्रशासन द्वारा जवान को गार्ड ऑफ ऑनर देकर पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई है। राज्य सरकार के नियमानुसार जो भी सुविधाएं और सहायता राशि बनती है, वह औपचारिकताएं पूरी कर परिवार को जल्द से जल्द प्रदान की जाएगी। 2012 में हुए थे भर्ती
सोनू के मामा प्रीतम सिंह ने बताया कि सोनू वर्ष 2012 में एसएसबी में भर्ती हुए थे। लगभग 14 वर्षों से देश सेवा में समर्पित थे। वह परिवार में अकेले कमाने वाले थे। उनके परिवार में बुजुर्ग माता-पिता के अलावा तीन भाई और एक पांच साल का बेटा है। सोनू के अचानक चले जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से पीड़ित परिवार को हर संभव आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई है।
Source link

