'क्लीन पंजाब' मुहिम का विधायक ने की शुरुआत:नूरमहल से 10 दिवसीय अभियान, शहरों को कूड़ा मुक्त बनाने का लक्ष्य
जालंधर में नकोदर की विधायक इंद्रजीत कौर मान ने आज नूरमहल से पंजाब सरकार के 10 दिवसीय राज्य स्तरीय ‘क्लीन पंजाब’ सफाई अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सफाई कर्मचारियों, पार्षदों और शहरवासियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। सभी ने कूड़े के ढेर वाले स्थानों (जी.वी.पीज) को खत्म कर शहर को कूड़ा-करकट मुक्त बनाने का संकल्प लिया। अभियान के दौरान विधायक इंद्रजीत कौर मान ने कहा कि शहर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। यह अभियान 8 सितंबर तक चलेगा, जिसका मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी से शहरों और कस्बों में खुले में कूड़ा फेंकने वाले स्थानों को समाप्त करना और उन्हें दोबारा बनने से रोकना है। विधायक मान ने सफाई कर्मचारियों के प्रयासों का सम्मान करने पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे कूड़ा गैर-जिम्मेदाराना तरीके से इधर-उधर न फेंकें और सफाई कर्मचारियों का सहयोग करें। उन्होंने निवासियों से यह भी आग्रह किया कि कूड़े का निपटारा जिम्मेदारी से किया जाए और साफ की गई जगहों पर दोबारा कूड़ा फेंकने से बचा जाए। इसी क्रम में, विधानसभा हल्का जालंधर कैंट से हल्का इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा और विधानसभा हल्का फिल्लौर से हल्का इंचार्ज हरजोत कौर लोहटिया ने भी ‘क्लीन पंजाब’ सफाई अभियान की शुरुआत की। इन क्षेत्रों में भी शहरवासियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और शहर को स्वच्छ रखने में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
Source link

